February 15, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘कांग्रेस को जनता नकार देती है…तमाशा चल रहा है’, ममता बनर्जी की टीएमसी के सांसद का जोरदार निशाना

नई दिल्ली। ममता बनर्जी की टीएमसी ने कांग्रेस पर जोरदार निशाना साध दिया है। टीएमसी के सांसद समिक भट्टाचार्य ने कहा है कि कांग्रेस लोकतंत्र की मर्यादा को नुकसान पहुंचा रही है। ममता बनर्जी की पार्टी के सांसद ने कहा कि कांग्रेस जहां भी जाती है, वहां जनता उसे नकार देती है। उन्होंने कहा कि आप इंडी गठबंधन की हालत देख सकते हैं। कांग्रेस के पास अब एक ही जगह है। समिक भट्टाचार्य ने कहा कि कांग्रेस का एक ही एजेंडा है कि वो सदन को नहीं चलने देती। टीएमसी सांसद ने कहा कि ममता बनर्जी चाहती थीं कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे विपक्ष के गठबंधन का चेहरा बनें। ममता ने खरगे को पीएम बनाने का प्रस्ताव भी दिया था, लेकिन अब खरगे के आह्वान में टीएमसी शामिल नहीं है।

बता दें कि टीएमसी सोमवार को विपक्षी दलों की बैठक में भी शामिल नहीं हुई थी। टीएमसी के सांसद और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने भी कहा था कि पार्टी तमाम मुद्दे संसद में उठाना चाहती है। टीएमसी की तरफ से ये भी कहा गया था कि एक ही मुद्दे पर संसद न चलने देना ठीक नहीं है। अब टीएमसी सांसद समिक भट्टाचार्य ने सीधे तौर पर कांग्रेस पर हमला बोल दिया है। टीएमसी और कांग्रेस के बीच लंबे समय से छत्तीस का आंकड़ा है। ममता बनर्जी ने लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस को पश्चिम बंगाल में सिर्फ 2 सीट देने की बात कही थी। उन्होंने कांग्रेस और वामदलों के बीच गठबंधन के मसले पर भी निशाना साधा था। ममता बनर्जी कांग्रेस के कामकाज को लेकर भी सवाल उठाती रही हैं।

ममता बनर्जी पहले कांग्रेस में ही थीं। बाद में उन्होंने इस सबसे पुरानी पार्टी को अलविदा कह दिया और फिर पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस नाम से नई पार्टी बनाई। जिस पश्चिम बंगाल में वामदलों ने कांग्रेस को हाशिए पर पहुंचा दिया था। वहां ममता बनर्जी ने अपना दम दिखाया और वामदलों को सत्ता से बेदखल कर वहां सरकार बना ली। टीएमसी लगातार अपने विरोधी दलों को पश्चिम बंगाल में होने वाले चुनावों में पटकनी देती रही है। वहीं, कांग्रेस कई बार ममता बनर्जी की सरकार पर भी सवाल खड़े कर चुकी है। हालांकि, दोनों ही पार्टियां विपक्ष के गठबंधन में शामिल हैं।

You may have missed