पाकिस्तान में आम लोगों पर फिर फट सकता है महंगाई बम, छोटे कारोबारियों पर प्रोफेशनल टैक्स बढ़ाकर 2 लाख रुपए तक किया गया
इस्लामाबाद। पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार ने ऐसा कदम उठाया है कि वहां एक बार फिर आम लोगों को महंगाई का जोरदार झटका लग सकता है। इसकी वजह प्रोफेशनल टैक्स का नोटिस है। अब तक पाकिस्तान में छोटे दुकानदारों को साल में 1500 से 3000 रुपए तक प्रोफेशनल टैक्स देना पड़ता था। अब शहबाज शरीफ की सरकार के दौर में प्रोफेशनल टैक्स के लिए 50 हजार से 2 लाख रुपए तक का नोटिस भेजा गया है। इसके खिलाफ व्यापार संघों ने मोर्चा खोल दिया है।
पाकिस्तान में अब छोटे कारोबारियों मसलन किराना स्टोर, वेल्डर, सैलून वगैरा करने वालों को भी 50 हजार रुपए तक का प्रोफेशनल टैक्स देना होगा। पाकिस्तान में कारोबारियों के संगठन मरकजी अंजुमन ताजरान ने दुकानदारों और व्यापार करने वालों से कहा है कि वे बढ़ा हुआ प्रोफेशनल टैक्स किसी कीमत पर न दें। संगठन के अध्यक्ष शरजील मीर ने कहा है कि बढ़ाया गया प्रोफेशनल टैक्स बहुत ही चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि सरकारी अफसरों को मुफ्त की सुविधाएं मिल रही हैं और वो आलीशान जीवन गुजार रहे हैं। पहले उनको अपने खर्चों में कटौती करनी चाहिए।
पाकिस्तान सरकार ने अगर प्रोफेशनल टैक्स कम न किया, तो जाहिर तौर पर दुकानदार भी अपने सामान और सेवाओं की कीमत में बढ़ोतरी करेंगे। इसका खामियाजा पाकिस्तान की आम जनता को भुगतना होगा। पाकिस्तान में पहले ही काफी महंगाई है। आटा 200 रुपए तो चीनी 300 रुपए किलो बिक रही है। अंडे और अन्य खाद्य पदार्थों की कीमत भी बेतहाशा बढ़ी है। सरकार ने आईएमएफ से 7 अरब डॉलर कर्ज लिया, तो बदले में पेट्रोल-डीजल और बिजली की कीमत में भी बड़ा इजाफा किया। आने वाले दिनों में पाकिस्तान में महंगाई के खिलाफ लोग एक बार फिर आंदोलन की राह पकड़ सकते हैं। पिछले दिनों ही पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर यानी पीओके में महंगाई के खिलाफ जमकर प्रदर्शन हुए थे। वहीं, पाकिस्तान के अन्य शहरों में भी लोगों ने सरकार की तरफ से महंगाई न घटा पाने के कारण अपनी नाराजगी कई बार जताई थी।
