April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से गठबंधन की खबरों का अरविंद केजरीवाल ने किया खंडन, आम आदमी पार्टी अपने दम पर लड़ेगी

नई दिल्ली। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में कांग्रेस से किसी भी तरह के गठबंधन की खबरों का खंडन कर दिया है। अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि उनकी आम आदमी पार्टी अकेले दम पर दिल्ली के विधानसभा चुनाव लड़ने जा रही है। इससे पहले न्यूज एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया था कि कांग्रेस और केजरीवाल की आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन का समझौता फाइनल होने जा रहा है। खबर में कहा गया था कि दिल्ली में कांग्रेस को अरविंद केजरीवाल 15 सीट देंगे। साथ ही इंडी गठबंधन के अन्य सहयोगी दलों के लिए 1 से 2 सीट छोड़ेंगे।

अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने 2020 में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में 70 में से 62 सीट हासिल की थीं। लोकसभा चुनाव के वक्त भी आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन हुआ था। तब अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने 4 और कांग्रेस ने 3 सीट पर चुनाव लड़ा था। इसके बावजूद बीजेपी ने इस गठबंधन को जोरदार पटकनी देते हुए दिल्ली की सभी 7 लोकसभा सीटों पर कब्जा जमाया था। इसके बाद आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं के बीच जमकर जुबानी जंग चली थी। दोनों ने ही एक-दूसरे पर सहयोग न करने का आरोप लगाया था। अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस के बीच पंजाब के विधानसभा चुनाव और राज्य की लोकसभा सीटों पर भी कोई समझौता नहीं हुआ था।

हाल ही में हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव हुए। दोनों ही जगह कांग्रेस की दुर्गति हुई। जो कांग्रेस लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन कर 99 सीट लाई, उसका हश्र हरियाणा और महाराष्ट्र में बहुत बुरा हुआ। शायद कांग्रेस के इसी प्रदर्शन को देखते हुए अरविंद केजरीवाल ने फैसला किया है कि वो दिल्ली में अकेले दम पर आम आदमी पार्टी को लड़ाएंगे। वहीं, असदुद्दीन ओवैसी ने भी दिल्ली की 10 सीट पर एआईएमआईएम प्रत्याशी उतारने का फैसला किया है। यानी दिल्ली में बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिलने वाला है।