April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

हरियाणा के पूर्व सीएम ओम प्रकाश चौटाला का 89 साल की उम्र में निधन, टीचर भर्ती मामले में जेल की सजा भी काटनी पड़ी थी

गुरुग्राम। हरियाणा के पूर्व सीएम और आईएनएलडी पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश चौटाला का निधन हो गया है। ओम प्रकाश चौटाला की उम्र 89 साल थी। ओम प्रकाश चौटाला का निधन गुरुग्राम के अपने आवास में हुआ। हरियाणा की राजनीति में ओम प्रकाश चौटाला की एक वक्त धाक हुआ करती थी। हरियाणा की सियासत को ओम प्रकाश चौटाला के निधन से गहरा धक्का लगा है। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में ओम प्रकाश चौटाला का इलाज हो रहा था। वो लंबे अर्से से बीमार थे। ओम प्रकाश चौटाला की हालत देखकर उनको घरवाले मेदांता अस्पताल ले गए थे, लेकिन उससे पहले ही घर पर उनका निधन हो चुका था।

ओम प्रकाश चौटाला का जन्म 1 जनवरी 1935 को हरियाणा के डबवाली में हुआ था। उनके पिता पूर्व डिप्टी पीएम देवीलाल थे। देवीलाल के सबसे बड़े बेटे ओम प्रकाश चौटाला थे। ओम प्रकाश चौटाला 2 दिसंबर 1989 से 22 मई 1990 तक हरियाणा के सीएम रहे। इसके बाद 22 मार्च 1991 से 6 अप्रैल 1991 और फिर 24 जुलाई 1999 से 5 मार्च 2005 तक वो हरियाणा के सीएम रहे। ओम प्रकाश चौटाला की पार्टी आईएनएलडी एनडीए और तीसरे मोर्चे में भी शामिल रही। हाल के दिनों में उन्होंने बीएसपी से गठजोड़ कर हरियाणा का विधानसभा चुनाव अपने प्रत्याशियों को लड़वाया था। ओम प्रकाश चौटाला के परिवार में 2 बेटे और 3 बेटियां हैं। उनके पौत्र दुष्यंत चौटाला हरियाणा की बीजेपी सरकार में डिप्टी सीएम रहे हैं।

ओम प्रकाश चौटाला को साल 2022 में आय से अधिक संपत्ति के मामले में सीबीआई कोर्ट ने सजा सुनाई थी। उन पर कोर्ट ने 50 लाख का जुर्माना भी लगाया था। इससे पहले ओम प्रकाश चौटाला और 53 अन्य पर 3206 जूनियर टीचरों की भर्ती में घोटाला का भी आरोप लगा। इस मामले में जनवरी 2013 में दिल्ली के कोर्ट ने ओम प्रकाश चौटाला और उनके बेटे अजय सिंह चौटाला को 10 साल कैद की सजा सुनाई थी। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सीबीआई जांच हुई थी। टीचर भर्ती घोटाले में सजा के खिलाफ ओम प्रकाश चौटाला ने दिल्ली हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में भी गुहार लगाई थी, लेकिन दोनों जगह ही राहत न मिलने के कारण उनको 9 साल से ज्यादा वक्त तिहाड़ जेल में बिताना पड़ा था। कोरोना महामारी के दौर में उनको जेल से रिहा किया गया था।