April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

आरजी कर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर से रेप और हत्या नहीं हुई!, फॉरेंसिक साइंस लैब की चौंकाने वाली रिपोर्ट

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर की रेप के बाद हत्या मामले में सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लैब की चौंकाने वाली रिपोर्ट ने नया सवाल खड़ा कर दिया है। सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लैब ने घटनास्थल की जांच के बाद जो रिपोर्ट दी है, उसमें कहा गया है कि उस जगह शायद अपराध हुआ ही नहीं। फॉरेंसिक साइंस लैब की रिपोर्ट में बताया गया है कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज के जिस कमरे में डॉक्टर का शव मिला था, वहां रेप और हत्या के कोई सबूत नहीं मिले हैं। साथ ही यहां हत्यारे और डॉक्टर के बीच किसी भी तरह के हमले और प्रतिरोध के भी सबूत फॉरेंसिक साइंस लैब को नहीं मिले।

सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लैब ने अपनी रिपोर्ट इस मामले की जांच कर रही सीबीआई को सौंप दी है। फॉरेंसिक साइंस लैब की रिपोर्ट के अनुसार डॉक्टर का शव आरजी कर मेडिकल कॉलेज के सेमीनार रूम से मिली थी। सेमीनार रूम के अलावा कहीं और भी डॉक्टर और हत्या के आरोपी के बीच खींचतान और मारपीट का सबूत लैब को नहीं मिला। ऐसे में सवाल ये है कि क्या डॉक्टर से रेप और हत्या की वारदात कहीं और हुई और शव को बाद में लाकर सेमीनार रूम में मैट्रेस पर रख दिया गया? आरजी कर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर का शव 9 अगस्त 2024 को मिला था। इस मामले में कोलकाता पुलिस ने अपने सिविक वॉलेंटियर संजय राय को गिरफ्तार किया था। संजय राय से सीबीआई ने भी पूछताछ की थी। संजय राय ने एक बार मीडिया के सामने कहा कि उसने ही वारदात की, लेकिन कोर्ट और फिर मीडिया के सामने उसने खुद को फंसाने का आरोप लगा दिया।

कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर से रेप और हत्या के मामले में तत्कालीन प्रिंसिपल संदीप घोष पर भी पीड़ित परिवार ने घटना के बारे में छिपाने का आरोप लगाया था। घटना के बाद 12 अगस्त को संदीप घोष ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल पद से इस्तीफा दिया था। बाद में भ्रष्टाचार के आरोप में सीबीआई ने संदीप घोष को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। आरजी कर मेडिकल कॉलेज में रेप और हत्या के मामले में देशभर के डॉक्टरों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया था। वहीं, कोलकाता के डॉक्टर लंबे समय तक हड़ताल पर भी रहे थे।