April 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

15 से 20 दिन बाद आएं अयोध्या, भारी भीड़ के चलते राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालुओं से अपील

नई दिल्ली। महाकुंभ के चलते सिर्फ प्रयागराज ही नहीं बल्कि राम जन्मभूमि अयोध्या और बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में भी बहुत बड़ी संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं। दरअसल देश और विदेश से आने वाले बहुत से लोग इन तीनों जगह का प्लान बनाकर आ रहे हैं जिसके चलते अयोध्या और वाराणसी में भी जगह-जगह जाम और मंदिर के बाहर कई किलोमीटर की लंबी लाइन लगी हुई है। मौनी अमावस्या पर महाकुंभ स्नान के बाद  श्रद्धालुओं की संख्या अयोध्या में और अधिक बढ़ सकती है इस बात के मद्देनजर श्री राम मंदिर ट्रस्ट की तरफ से आस पास से आने वाले भक्तों से निवेदन किया गया है कि वो 15 से 20 दिन बाद अयोध्या आएं ताकि दूर से आने वालों को श्रीराम लला के सुगम दर्शन हो सकें।

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महामंत्री चम्पत राय की तरफ से यह संदेश जारी किया गया है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि प्रयागराज में 29 जनवरी को महाकुंभ में मौनी अमावस्या का मुख्य स्नान है। अनुमान है कि लगभग 10 करोड़ प्रयागराज में स्नान करेंगे। बहुत बड़ी संख्या में प्रयागराज से भक्तजन अयोध्या जी पहुंच रहे हैं। ट्रेन एवं सड़क दोनों प्रकार से भक्तजन प्रयाग से अयोध्या आ रहे हैं। पिछले तीन दिनों से अयोध्या जी में श्रद्धालुओं की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। अयोध्या धाम की जनसंख्या एवं आकार को देखते हुए यह कहा जा सकता है कि इतनी अधिक संख्या में भक्तों को एक दिन में रामलला के दर्शन कराना बहुत कठिन है और इसी कारण भक्तों को परेशानी हो रही है। परिणाम स्वरूप किसी भी प्रकार की अनहोनी को रोकने के लिए आवश्यक हो गया है कि व्यवस्थाओं में उपयुक्त परिवर्तन किए जाएँ।

भक्तों को अधिक पैदल भी चलना पड़ रहा है। हमारा यह निवेदन है कि पास-पड़ोस के भक्तजन 15 से 20 दिन के पश्चात दर्शन करने हेतु अयोध्या जी पधारें ताकि बहुत दूर से आने वाले भक्त अभी सुविधा से प्रभु के दर्शन कर सकें। इससे सभी को सुविधा होगी। वसंत पंचमी के बाद फरवरी मास में काफी राहत रहेगी तथा मौसम भी अच्छा हो जाएगा। आसपास के भक्त यदि तब का कार्यक्रम बनाएं तो श्रेष्ठ रहेगा। इस निवेदन पर अवश्य विचार करें।