April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

मोहल्ला क्लीनिकों की होगी जांच, डीटीसी में महिलाओं को फ्री यात्रा की सुविधा जारी रहेगी

नई दिल्ली। दिल्ली की नई बीजेपी सरकार शुरुआत से ही एक्शन मोड में नजर आ रही है। दिल्ली के हेल्थ और ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर पंकज सिंह ने पद संभालते ही कुछ बड़े ऐलान किए हैं। उन्होंने कहा है कि दिल्ली के सभी मोहल्ला क्लीनिकों की जांच कराई जाएगी। इसके साथ ही डीटीसी की बसों का आकलन किया जाएगा, काफी समय से नई बसें नहीं खरीदी गई हैं, इन सबकी जांच होगी। साथ ही उन्होंने कहा कि डीटीसी बसों में महिलाओं को फ्री यात्रा की सुविधा जारी रहेगी। मंत्री ने स्पष्ट किया कि दिल्ली में चल रही किसी भी कल्याणकारी योजना को बंद नहीं किया जाएगा।

पंकज सिंह बोले, हमारा उद्देश्य भ्रष्टाचार को खत्म करके दिल्लीवासियों को उनका पूरा हक दिलाने का है। पूर्व की सरकारों ने जनहित के नाम पर जो भी योजनाएं शुरू की थीं उनमें कई शिकायतें आई हैं, इसलिए उनकी जांच होगी और अनियमितताओं को उजागर करके भ्रष्टाचारियों पर शिकंजा कसा जाएगा। उन्होंने कहा, मैं अधिकारियों के साथ बातचीत करके दिल्ली की समस्याओं को सुनने जा रहा हूं और समझूंगा कि हम लोगों की चिंताओं को कैसे हल कर सकते हैं। हम सभी मुद्दों के समाधान के लिए एक रोडमैप बनाएंगे और उन्हें 100 दिनों के भीतर हल करने का लक्ष्य रखेंगे। आप सरकार अपने वादों को पूरा करने में विफल रही, वे यमुना को भी साफ नहीं कर सके। हमने अपने घोषणापत्र में जो भी प्रतिबद्धताएं की हैं, हम उन्हें पूरा करना सुनिश्चित करेंगे।

वहीं दिल्ली के मंत्री आशीष सूद ने कहा, बीजेपी झूठे वादे नहीं करती। हम जो कहते हैं उसे पूरा करेंगे। महिलाओं को 2500 रुपये प्रतिमाह देने वाले वादे पर पूर्व सीएम आतिशी द्वारा उठाए गए सवाल पर उन्होंने कहा, किसी योजना को लागू करने के लिए उसके संदर्भ में जो भी जरूरी काम होते हैं हमारी सीएम रेखा गुप्ता उसके इंप्लीमेंटेशन में लगी हुई हैं बहुत शीघ्र ही आप इस संदर्भ में सुनेंगे।