June 2, 2026

Hind foucs news

hindi new update

क्रिकेटर युजवेंद्र चहल और धनश्री वर्मा के तलाक पर कोर्ट की मुहर, 4 साल तक ही रहा दोनों का रिश्ता

मुंबई। टीम इंडिया के सदस्य और स्पिनर युजवेंद्र चहल और उनकी पत्नी रहीं धनश्री वर्मा के तलाक पर मुंबई के बांद्रा फैमिली कोर्ट ने गुरुवार को मुहर लगा दी। युजवेंद्र चहल और धनश्री वर्मा की शादी 4 साल पहले दिसंबर 2020 में हुई थी। युजवेंद्र चहल और धनश्री वर्मा ने आपसी राजीनामे से बांद्रा के फैमिली कोर्ट में तलाक का केस किया था। मीडिया की खबरों के मुताबिक तलाक के बाद एलिमनी के तौर पर युजवेंद्र चहल को 4.75 करोड़ रुपए धनश्री को देने हैं। बताया जा रहा है कि इस रकम में से धनश्री को युजवेंद्र चहल ने पहले ही 2.37 करोड़ दे दिए हैं।

खास बात ये है कि युजवेंद्र चहल और धनश्री ने लव मैरेज की थी। सोशल मीडिया के जरिए चहल और धनश्री वर्मा की जान पहचान हुई थी। दोनों में दोस्ती पनपी और फिर युजवेंद्र चहल और धनश्री वर्मा ने शादी करने का फैसला किया। युजवेंद्र चहल ने एक पॉडकास्ट में बताया ता कि वो धनश्री से डांस सीखना चाहते थे। इसके लिए बातचीत शुरू की और फिर दोस्ती के बाद शादी हो गई। इन दोनों की शादी ज्यादा न चलकर सिर्फ 4 साल में ही टूट जाने से युजवेंद्र के फैंस ने सोशल मीडिया पर अचरज जताया था।

तलाक की वजह के बारे में युजवेंद्र चहल या धनश्री वर्मा ने अब तक जुबान नहीं खोली है। दोनों ने ही नहीं बताया है कि आखिर अलग होने का इतना बड़ा फैसला लेने की वजह क्या है। धनश्री पहले ही अपने इंस्टाग्राम हैंडल से चहल सरनेम हटा चुकी हैं। इसके बाद ही अटकलों ने जोर पकड़ा था कि युजवेंद्र चहल और धनश्री के बीच दूरियां बढ़ गई हैं और तलाक होने वाला है। इससे पहले हाईकोर्ट ने बांद्रा के फैमिली कोर्ट की तरफ से कूलिंग पीरियड दिए जाने को निरस्त कर आदेश दिया था कि गुरुवार को युजवेंद्र चहल और धनश्री वर्मा की तलाक की अर्जी पर फैसला सुना दिया जाए। ऊपर दी गई दोनों तस्वीरें बताती हैं कि युजवेंद्र और धनश्री के बीच एक वक्त बहुत करीबी थी।