April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पहलगाम हमले के बाद दिल्ली में 400 से ज्यादा बांग्लादेशी घुसपैठिए गिरफ्तार किए गए, बीते 6 महीने की संख्या सुनकर चौंक जाएंगे आप!

नई दिल्ली। बांग्लादेश से अवैध घुसपैठ किस कदर हो रहा है, ये इसी से पता चलता है कि देश की राजधानी दिल्ली में भी बड़ी तादाद में अवैध बांग्लादेशी घुसपैठिए पकड़े जा रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने बताया है कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद दिल्ली में अवैध प्रवासियों की धरपकड़ के अभियान को और तेज किया गया है। नतीजे में 22 अप्रैल 2025 से अब तक 470 बांग्लादेशी घुसपैठिए गिरफ्तार किए गए हैं। इनके अलावा 50 ऐसे विदेशियों को भी दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जो वीजा अवधि खत्म होने के बावजूद राजधानी में टिके हुए थे। सभी गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिकों को विमान से त्रिपुरा की राजधानी अगरतला भेजा गया और वहां से बांग्लादेश डिपोर्ट किया गया है।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक गृह मंत्रालय ने 2024 में आदेश दिया था कि देश की राजधानी में अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्या की पहचान कर उनको पकड़ा जाए। इसके बाद दिल्ली की तमाम झुग्गियों में पुलिस ने ऑपरेशन चलाया। नतीजे में 15 नवंबर 2024 से 20 अप्रैल 2025 तक दिल्ली में 220 अवैध बांग्लादेशी घुसपैठिए पकड़े गए। इसके अलावा वीजा अवधि खत्म होने के बाद भी रहने वाले 30 विदेशियों को गिरफ्तार किया गया। इन सबको भी बांग्लादेश और उनके मुल्क वापस भेजा जा चुका है। माना जा रहा है कि बांग्लादेशियों के अलावा अन्य नागरिक म्यांमार के रोहिंग्या हैं। दिल्ली पुलिस के मुताबिक अवैध घुसपैठियों के खिलाफ उसकी कार्रवाई तेजी से जारी है।

दिल्ली के अलावा अन्य राज्यों में भी बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्या को पकड़ने का काम जारी है। बांग्लादेशी घुसपैठिए महाराष्ट्र में भी बड़ी तादाद में पकड़े गए हैं। जम्मू-कश्मीर में भी बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्या को पहले पकड़कर डिटेंशन सेंटर में रखा जा चुका है। इस बीच, खबर ये भी है कि भारत में घुसपैठ करने वाले अपने नागरिकों को वापस लेने में बांग्लादेश की अंतरिम सरकार हिचकिचाहट दिखा रही है। इसके बावजूद केंद्र सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए इनको डिपोर्ट करने का काम जारी रखा है। बताया जा रहा है कि जल्दी ही देशभर में बड़ा अभियान छेड़कर बांग्लादेशी घुसपैठियों और म्यांमार से आने वाले रोहिंग्या को पकड़ने का काम शुरू किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *