April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दिल्ली के द्वारका में अपार्टमेंट की 7वीं मंजिल पर लगी आग, जाने बचाने के लिए कूदे पिता और दो बच्चे, तीनों की मौत

नई दिल्ली। दिल्ली के द्वारका में एक बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया है। यहां सेक्टर 13 में स्थित सबद अपार्टमेंट की सातवीं मंजिल के एक फ्लैट में आग लग गई। जान बचाने के लिए पहले भाई-बहन और बाद में उनके पिता बालकनी से कूद गए, जिसके बाद तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने उन्हें अस्तपाल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। मृतक दोनों बच्चों की उम्र 10 साल के आसपास बताई जा रही है। वहीं मृतक व्यक्ति का नाम यश यादव और उनकी उम्र 35 साल थी।

यश यादव की पत्नी और एक बेटा आग के बाद सुरक्षित बच गए हैं। दोनों को एहतियातन आईजीआई अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग लगने की यह घटना सुबह 10 बजे के आसपास की बताई जा रही है। वहीं मौके पर दमकल की 8 गाड़ियां पहुंची और किसी तरह से आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि आग किस कारण से लगी इस बात की जानकारी फिलहाल नहीं मिल सकी है। आग लगने से बिल्डिंग में रहने वाले अन्य लोगों के मन में भी दहशत भर गई और आनन फानन में सभी लोगों ने बिल्डिंग खाली कर दी।

आस-पास के लोग भी आग की लपटों को देखकर डर गए कि कहीं आग और विकराल रूप ना ले ले। वहीं इस मामले में दो बच्चों और उनके पिता की मौत की वजह से भी लोग दुखी हैं। पूरी बिल्डिंग की बिजली और पीएनजी गैस कनेक्शन को फिलहाल कट कर दिया गया है। मृतक यश यादव के विषय में जानकारी मिली है कि वो फ्लेक्स बोर्ड का व्यवसाय करते थे और पत्नी तथा तीन बच्चों जिसमें दो बेटे और एक बेटी के साथ अपार्टमेंट की सातवीं मंजिल पर बने फ्लैट में रहते थे। आग की इस घटना के बाद हंसता खेलता एक परिवार तबाह हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *