June 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

आम आदमी पार्टी बिहार में ठोकेगी ताल, सभी सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान

नई दिल्ली। बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक दलों ने तैयारी शुरू कर दी है। इस बीच अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया है। दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री और आप के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज का कहना है कि पार्टी बिहार में सभी सीटों पर अपने कैंडिडेट उतारेगी। आम आदमी पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस या किसी अन्य दल के साथ कोई गठबंधन नहीं करेगी, बल्कि अकेले चुनाव मैदान में उतरेगी।

सौरभ ने गुजरात उपचुनाव के दौरान कांग्रेस पर धोखेबाजी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह तय हुआ था कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी निर्धारित सीटों पर चुनाव लड़ेंगी, जहां से उनके कैंडिडेट पहले से जीते हुए हैं। पांच सीटों पर उपचुनाव होने थे जिनमें से चार सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार पहले जीते थे इसलिए आप ने इस चार सीटों पर अपना कैंडिडेट नहीं उतारा। जबकि एक सीट पर आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि की पहले जीत हुई थी। मगर इस सीट पर कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ अपने कैंडिडेट को उतार दिया था। इसी को देखते हुए अब हमने बिहार चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ने का फैसला किया है।

आपको बता दें कि बिहार में विधानसभा की कुल 243 सीटे हैं। नीतीश कुमार की जेडीयू बीजेपी के साथ मिलकर एनडीए गठबंधन के तहत चुनाव लड़ेगी। जबकि कांग्रेस और आरजेडी के मिलकर चुनाव मैदान में उतरने की संभावना है। हालांकि इन दोनों के बीच सीट बंटवारे को लेकर पेंच फंस सकता है। उधर, चिराग पासवान भी संभवत: इस बार एनडीए से अलग होकर चुनाव लड़ने की सोच रहे हैं। पशुपति पारस भी लालू और कांग्रेस के साथ मिलकर अपनी राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के कैंडिडेट चुनाव मैदान में उतार सकते हैं। प्रशांत किशोर भी जन सुराज पार्टी को जन जन तक पहुंचाने में लगे हैं। ऐसे में आम आदमी पार्टी की एंट्री से चुनाव के और दिलचस्प होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *