पीएम नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद में प्लेन क्रैश वाली जगह का किया दौरा, सिविल अस्पताल में घायलों से मिलकर बंधाया ढांढस
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान दुर्घटनास्थल का आज जायजा का लिया। इसके बाद पीएम सिविल अस्पताल पहुंचे और वहां उन्होंने विमान हादसे में घायल लोगों से मुलाकात की, उनका हौसला बढ़ाया। प्रधानमंत्री ने घायलों का इलाज कर रहे डॉक्टरों से भी बातचीत कर जानकारी ली। मोदी ने गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी जिनकी इस हादसे में मौत हो गई है, उनके परिजन से भी मुलाकात की। इस हादसे में अब तक 265 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में 241 लोग विमान में सवार थे और 24 अन्य स्थानीय नागरिक हैं जो उस बिल्डिंग में थे जहां प्लेन क्रैश हुआ।
एअर इंडिया की बोइंग 787 ड्रीमलाइनर फ्लाइट AI-171 में पायलट और क्रू मेंबर्स समेत कुल 242 लोगों में सिर्फ व्यक्ति जिसका नाम रमेश कुमार विश्वास है वो जीवित बचा है। रमेश फिलहाल सिविल अस्पताल में भर्ती हैं और पीएम ने उनसे भी मुलाकात की। मोदी ने ट्वीट किया, अहमदाबाद में हुए हवाई हादसे से हम सभी स्तब्ध हैं। इतने सारे लोगों की अचानक और दिल दहला देने वाली मौत को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति हमारी संवेदना है। हम उनके दर्द को समझते हैं और यह भी जानते हैं कि उनके पीछे जो खालीपन रह गया है, उसे आने वाले कई सालों तक महसूस किया जाएगा। ओम शांति।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अहमदाबाद में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। यह बैठक घायलों के इलाज, मृतकों की पहचान और प्रभावित परिवारों के लिए सहायता उपायों पर केंद्रित रही। उधर, मृतकों की पहचान के लिए फ्लाइट में सवार यात्रियों के परिवार के सदस्यों डीएनए सैंपलिंग शुरू हो गई है। पीड़ित परिजन सैंपल देने के लिए अहमदाबाद सिविल एयरपोर्ट पहुंचे रहे हैं।
