एयर इंडिया के प्लेन को बम से उड़ाने की धमकी, थाईलैंड में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग
नई दिल्ली। एयर इंडिया के एक विमान को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जिस कारण से विमान की थाईलैंड में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI-379 ने थाईलैंड से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। विमान में कुल 156 लोग सवार थे। लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकाला गया। फिलहाल विमान की सघन चेंकिंग की जा रही है। शुरुआती तफ्तीश में अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। इस विमान ने आज सुबह 9:30 बजे फुकेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन 20 मिनट की उड़ान के बाद वापस उसकी इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।
एक ही दिन में आज ऐसा दूसरी बार हुआ जब एयर इंडिया की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। इससे पहले आज सुबह मुंबई में एयर इंडिया के एक विमान को आपात स्थिति में लैंड कराया गया था। यह फ्लाइट मुंबई से लंदन जा रही थी। सुबह 5 बजकर 39 मिनट पर जहाज ने मुंबई से लंदन के लिए उड़ान भरी थी। लगभग तीन घंटे तक विमान हवा में रहा और उसके बाद वापस मुंबई में उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। एयर इंडिया की तरफ से पैसेंजर्स से असुविधा के लिए खेद जताया गया है।
मीडिया रिपोर्ट में ऐसा बताया जा रहा है कि इजरायल के द्वारा ईरान पर किए हमले की वजह से इन दोनों देशों के एयर स्पेस बंद हैं। यही कारण है कि भारत से जाने वाली फ्लाइट को वापस बुलाकर लैंडिंग कराई जा रही है। एक दिन पहले ही गुजरात के अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया के विमान हादसे में फ्लाइट में सवार 241 लोगों समेत 24 स्थानीय नागरिकों की भी मौत हुई है। एयर इंडिया यह विमान AI171 अहमदाबाद से लंदन जा रहा था मगर टेक ऑफ करते ही क्रैश हो गया।
