मृतकों की पहचान के लिए दुर्घटनाग्रस्त विमान में सवार यात्रियों के रिश्तेदारों से मांगा गया डीएनए सैंपल
नई दिल्ली। गुजरात में एयर इंडिया विमान दुर्घटना के बारे में अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर जी.एस. मलिक ने कहा कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए यह कहना बहुत ही मुश्किल है कि कोई बचा है या नहीं। कुछ गंभीर रूप से घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था, लेकिन उनके बचने की संभावना कम ही है। वहीं गुजरात स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव धनंजय द्विवेदी ने कहा कि विमान बीजे मेडिकल कॉलेज के छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर और अन्य आवासीय क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। इससे स्थानीय निवासी भी घायल हुए हैं। लगभग 50 घायल लोगों को सिविल अस्पताल में लाया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। उनकी स्थिति गंभीर लेकिन स्थिर है। साथ ही उन्होंने कहा कि हम विमान में सवार यात्रियों के परिवार वालों से अनुरोध करते हैं कि वे अपने डीएनए का नमूने जमा करें, जिससे मृतकों की पहचान करने में मदद मिलेगी।
बीजे मेडिकल कॉलेज में डीएनए परीक्षण की व्यवस्था की गई है। अगर सिविल अस्पताल में लाए गए घायलों के रिश्तेदारों को कोई पूछताछ करनी है, तो उसके सिविल अस्पताल अहमदाबाद ने दो हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं- 6357373831 और 6357373841। किसी भी मदद के लिए इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। सिविल अस्पताल में भर्ती 25 घायलों की लिस्ट भी अहमदाबाद पुलिस ने जारी की है। एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI171 जोकि बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान था, उसमें क्रू मेंबर समेत कुल 242 लोग सवार थे। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी इस प्लेन में थे।
विमान ने अहमदाबाद एयरपोर्ट से दोपहर 1 बजकर 38 मिनट पर लंदन के लिए उड़ान भरी थी और 1 बजकर 40 मिनट पर विमान क्रैश हो गया। फिलहाल विमान के मलबे से ब्लैक बॉक्स को तलाशा जा रहा है। ब्लैक बॉक्स मिलने के बाद विमान दुर्घटना के कारण का पता चल सकता है। फिलहाल यह दावा किया जा रहा है कि टेक ऑफ करते समय विमान का पिछला हिस्सा एक पेड़ से टकरा गया जिसके चलते यह दुर्घटना हुई। उधर दुर्घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है। ब्लैक बॉक्स विमान में रखा एक रिकॉर्डिंग उपकरण होता है जिसमें कॉकपिट में पायलट और को पायलट की बातचीत रिकॉर्ड होती है।
