पीएम नरेंद्र मोदी की साइप्रस, कनाडा और क्रोएशिया यात्रा की तारीख तय, कई मायनों में अहम है यह दौरा
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साइप्रस, कनाडा और क्रोएशिया की यात्रा का शेड्यूल विदेश मंत्रालय ने जारी कर दिया है। मोदी 15 जून को तीन देशों की यात्रा पर रवाना होंगे। इस दौरान मोदी सबसे पहले साइप्रस उसके बाद कनाडा और अंत में क्रोएशिया जाएंगे। दो दशकों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की साइप्रस की यह पहली यात्रा होगी। कनाडा में मोदी जी-7 शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। वहीं किसी भारतीय प्रधानमंत्री की क्रोएशिया की यह पहली आधिकारिक यात्रा होगी। आपॅरेशन सिंदूर के बाद पीएम मोदी का यह पहला विदेश दौरा है, जो कई मायनों में काफी अहम माना जा रहा है।
पीएम नरेंद्र मोदी साइप्रस गणराज्य के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स के निमंत्रण पर 15-16 जून को साइप्रस के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। प्रधानमंत्री मोदी निकोसिया में राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलाइड्स के साथ विभिन्न मुद्दों पर द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। इसके अलावा लिमासोल में व्यापार जगत से जुड़े लोगों को संबोधित करेंगे। मोदी की साइप्रस यात्रा द्विपक्षीय संबंधों को गहरा करने और भूमध्यसागरीय क्षेत्र और यूरोपीय संघ के साथ भारत के संबंधों को मजबूत करने की दिशा में दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता का उदाहरण पेश करेगी।
इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कनाडाई पीएम मार्क कार्नी के निमंत्रण पर जी-7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने जाएंगे। पीएम मोदी 16 जून और 17 जून कनाडा के कानानास्किस में रहेंगे। यह लगातार छठी बार होगा जब पीएम मोदी जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की कई द्विपक्षीय बैठकें भी होंगी।
इसके अतिरिक्त मोदी जी-7 देशों के नेताओं, अन्य आमंत्रित आउटरीच देशों और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के प्रमुखों के साथ ऊर्जा सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और नवाचार, विशेष रूप से AI-एनर्जी नेक्सस और क्वांटम से संबंधित मुद्दों सहित महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।अपनी यात्रा के अंतिम चरण में पीएम नरेंद्र मोदी 18 जून को क्रोएशिया भी जाएंगे। यहां उनकी क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच के साथ द्विपक्षीय वार्ता होगी। भारत और क्रोएशिया द्विपक्षीय संबंधों के दृष्टिगत मोदी की इस यात्रा के भी कई अहम मायने हैं।
