June 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

राजा रघुवंशी हत्याकांड में आरोपी सोनम के भाई गोविंद को मेघालय ले जा सकती है पुलिस!, पूछताछ में घरवाले दे रहे विरोधाभासी जवाब

इंदौर। मेघालय पुलिस राजा रघुवंशी हत्याकांड की तेजी से जांच कर रही है। अब अखबार दैनिक जागरण ने खबर दी है कि राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपियों में शामिल सोनम रघुवंशी के भाई गोविंद रघुवंशी को मेघालय पुलिस शिलांग ले जा सकती है। अखबार के मुताबिक मेघालय पुलिस अब गोविंद, सोनम और राजा रघुवंशी हत्याकांड के दूसरे मुख्य आरोपी राज कुशवाहा को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ करना चाहती है। रिपोर्ट के मुताबिक सोनम और राज कुशवाहा के बयानों में विरोधाभास है। इसी वजह से गोविंद को सामने बिठाकर पुलिस पूछताछ करना चाहती है।

अखबार ने खबर में ये भी बताया है कि बुधवार को गोविंद, उसके पिता देवी सिंह रघुवंशी और मां संगीता से मेघालय पुलिस की एसआईटी ने करीब 50 सवाल पूछे। मेघालय पुलिस को बयानों में विरोधाभास भी मिला। जिसके बाद देवी सिंह और संगीता से अलग पूछताछ हुई। इस दौरान वीडियो कॉल कर राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम से भी पूछताछ हुई। सोनम रघुवंशी के कमरे, अलमारी और सूटकेस की भी तलाशी ली गई। इंदौर के विजयनगर स्थित गोविंद के दफ्तर भी मेघालय पुलिस की एसआईटी पहुंची और वहां कर्मचारियों से पूछताछ की गई। अखबार के मुताबिक कुछ कर्मचारियों ने पुलिस को भरमाने की कोशिश की। इस पर पुलिस ने उनको डपटते हुए कहा कि इस दफ्तर से हवाला का काम हो रहा था।

सोनम रघुवंशी और राज कुशवाहा पर आरोप है कि दोनों ने साजिश रचकर राजा रघुवंशी की मेघालय में हत्या की। मेघालय पुलिस ने राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में राज कुशवाहा की पहचान के तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को राजा रघुवंशी की हत्या वाली जगह ले जाकर क्राइम सीन रिक्रिएट किया गया था। मेघालय पुलिस का कहना है कि सोनम के इशारे पर राजा रघुवंशी की हत्या हुई। राजा रघुवंशी पर धारदार हथियार से तीन वार किए गए और फिर शव को गहरी खाई में धकेल दिया गया। राजा रघुवंशी की हत्या में इस्तेमाल दोनों धारदार हथियार भी खाई से मेघालय पुलिस ने बरामद किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *