April 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बीते 5 साल में विमानों में तकनीकी गड़बड़ी के कितने मामले?, नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने दिए ये आंकड़े

नई दिल्ली। बीती 12 जून को अहमदाबाद के सरदार वल्लभ भाई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरते ही एयर इंडिया का विमान हादसे का शिकार हो गया था। इस भयानक हादसे के बाद से ही लगातार विमानों में तकनीकी गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। इस बारे में राज्यसभा में एक सवाल पूछा गया था। सवाल के जवाब में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया है कि साल 2021 से 2025 में अब तक कितने विमानों में तकनीकी गड़बड़ी के मामले हो चुके हैं।

कांग्रेस सांसद मुकुल वासनिक के सवाल पर नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया है कि साल 2021 से जून 2025 तक विमानों में तकनीकी गड़बड़ियों के कुल 2094 मामले सामने आए। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने डीजीसीए के आंकड़ों के जरिए बताया कि साल 2021 में 514, 2022 में 528, 2023 में 448, 2024 में 421 और 2025 के जून तक विमानों में तकनीकी गड़बड़ी के 183 मामलों का पता चला। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने ये भी बताया कि अगर किसी विमान में तकनीकी गड़बड़ी को संबंधित एयरलाइन रिकॉर्ड नहीं करती, तो डीजीसीए ऐसी अनियमितताओं को ऑडिट के दौरान पहचानता है और फिर जांच कर जरूरी कार्रवाई की जाती है।

डीजीसीए का नियम है कि किसी भी विमान में तकनीकी गड़बड़ी को रिकॉर्ड करना जरूरी है। अगर तकनीकी गड़बड़ी गंभीर किस्म की है, तो उसकी जानकारी तत्काल देनी होती है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने राज्यसभा में ये भी बताया कि साल 2021 में यात्रियों की तरफ से शिकायतों की संख्या 4131 रही। 2022 में ये आंकड़ा 3783, 2023 में 5513, 2024 में 4016 और 2025 में जून तक 3925 रहा। ज्यादातर शिकायतों में उड़ान में देरी, उड़ान अचानक रद्द होना, रिफंड में देरी, एयरलाइन स्टाफ का खराब बर्ताव और यात्रियों के सामान को नुकसान पहुंचाने की बात कही गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *