थाईलैंड-कंबोडिया के बीच बिना शर्त संघर्ष विराम पर बनी सहमति, मलेशियाई पीएम अनवर इब्राहिम ने सीजफायर का किया ऐलान
नई दिल्ली। थाईलैंड और कंबोडिया बिना शर्त तत्काल संघर्ष विराम के लिए राजी हो गए हैं। इसी के साथ दोनों देशों के बीच पिछले पांच दिनों से जारी सैन्य संघर्ष अब रुक गया है। मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीजफायर का ऐलान किया। इससे पहले मलेशिया ने दोनों देशों के बीच मध्यस्थता का प्रस्ताव दिया था। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि मैंने थाईलैंड और कंबोडिया से बात की है, दोनों देश युद्ध विराम के लिए राजी है। दोनों बात करने जा रहे हैं और जल्द ही यह लड़ाई खत्म हो जाएगी।
इस बीच व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव की ओर से दावा किया गया कि डोनाल्ड ट्रंप ने थाईलैंड-कंबोडिया युद्ध रुकवाया इसलिए उनको शांति का नोबेल पुरस्कार दिया जाए। आपको बता दें कि थाईलैंड और कंबोडिया के बीच लगभग 817 किमी लंबी भूमि सीमा है। दोनों देशों के बीच ता मोआन थॉम मंदिर को लेकर काफी पुराना विवाद है, दोनों ही पक्ष मंदिर पर अपना-अपना दावा करते हैं। 24 जुलाई को दोनों देशों की सेनाओं के बीच सीमा पर तीखी झड़प हो गई थी। इसके बाद कंबोडिया ने ड्रोन की मदद से थाईलैंड के एक गैस स्टेशन को तबाह कर दिया था।
थाईलैंड ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए कंबोडिया के दो सैन्य ठिकानों पर एफ-16 जेट से हमला कर किया था। पिछले पांच दिनों से जारी लड़ाई में दोनों देशों के कई मारे गए हैं। थाईलैंड का कहना है कि कंबोडिया ने ड्रोन हथियारों के जरिए हमला किया। वहीं कंबोडिया का आरोप है कि थाई सैनिकों ने सीमा पर घुसपैठ का प्रयास किया और आत्मरक्षा में उसकी सेना ने जवाब दिया। इससे पहले थाईलैंड ने अपने राजदूत को वापस बुला लिया था और कंबोडिया के राजदूत को निकालने का ऐलान किया था। फिलहाल दोनों देशों के बीच अब सैन्य संघर्ष रुक गया है।
