April 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

योगी आदित्यनाथ के नाम दर्ज हुआ लगातार सबसे लंबे समय तक यूपी के मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम पर एक रिकॉर्ड दर्ज हुआ है। योगी लगातार सबसे लंबे समय तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं। योगी ने बतौर मुख्यमंत्री अब तक 8 साल और 132 दिन का कार्यकाल पूरा कर लिया है और इस तरह से उन्होंने दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री गोविन्द वल्लभ पंत को इस मामले में पीछे छोड़ दिया। पंत का कुल कार्यकाल (स्वतंत्रता से पूर्व सहित) 8 साल और 127 दिन का रहा था। योगी आदित्यनाथ वैसे पहले ही कई मामलों में पूर्व मुख्यमंत्रियों जैसे मायावती, मुलायम सिंह यादव को पछाड़ चुके हैं।

योगी यूपी के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जो अपना पहला कार्यकाल पूरा करने के बाद दोबारा फिर से मुख्यमंत्री बने हैं। योगी उत्तर प्रदेश के 22वें मुख्यमंत्री हैं। योगी ने साल 2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को मिली जीत के बाद पहली बार मुख्यमंत्री का पद संभाला था। पांच साल बाद 2022 में प्रदेश की जनता ने एक बार फिर से योगी को सीएम बनने का मौका दिया। अब 2027 में यूपी अगला विधानसभा चुनाव होना है। योगी इससे पहले देश के सबसे युवा सांसदों में भी शामिल रहे चुके हैं। साल 1998 में योगी पहली बार गोरखपुर लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर सांसद बने थे, उस वक्त उनकी उम्र महज 26 वर्ष की थी।

योगी आदित्यनाथ गोरखपुर से लगातार पांच बार सांसद रह चुके हैं। योगी से पहले उनके गुरु और गोरखनाथ मठ के पूर्व महंत अवैद्यनाथ गोरखपुर से सांसद थे। बाद में उन्होंने अपनी सीट से योगी आदित्यनाथ को चुनाव लड़ाया। महंत अवैद्यनाथ की मृत्यु के पश्चात योगी गोरखनाथ मठ के महंत भी बने। 2014 से अभी तक वो गोरखनाथ मठ के महंत के रूप में भी सेवा दे रहे हैं। योगी काम से समय निकाल कर बीच बीच में खासतौर से त्योहारों के मौके पर गोरखनाथ मंदिर जाते रहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *