July 15, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बिहार के सीएम नीतीश कुमार का नया एलान, आशा और ममता कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाया

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव अगले कुछ महीनों में होने वाले हैं। इससे ठीक पहले बिहार के सीएम नीतीश कुमार धड़ाधड़ एलान कर रहे हैं। नीतीश कुमार ने अब बिहार की आशा और ममता कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने का एलान किया है। नीतीश कुमार ने कहा है कि आशा कार्यकर्ताओं को अब हर महीने 1000 की जगह 3000 रुपए दिए जाएंगे। इसके साथ ही ममता कार्यकर्ताओं को भी हर प्रसव के लिए 300 की जगह 600 रुपए प्रोत्साहन राशि देने का एलान सीएम नीतीश कुमार ने किया है। नीतीश कुमार ने कहा है कि बिहार के गांवों में स्वास्थ्य सेवा को बेहतर बनाने में आशा और ममता कार्यकर्ताओं की बड़ी भूमिका रही है।

बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने बीते दिनों ही सफाई कर्मचारियों के लिए आयोग बनाने की घोषणा भी की थी। नीतीश कुमार इससे पहले बिहार में युवा आयोग बनाने और सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 35 फीसदी आरक्षण देने का फैसला भी कर चुके हैं। बिहार सरकार के स्कूलों में शिक्षकों के खाली पदों पर जल्द भर्ती का भी नीतीश कुमार ने एलान किया था। नीतीश कुमार ने ये भी कहा था कि बिहार में अगले पांच साल में 1 करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार दिया जाएगा। बिहार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन भी हर महीने 400 की जगह 1100 रुपए की गई है। पत्रकारों को भी हर महीने 15000 रुपए पेंशन देने की नीतीश कुमार ने घोषणा की है। इस तरह देखा जाए, तो नीतीश कुमार समाज के हर वर्ग को लुभाने की कोशिश कर रहे हैं।

बिहार विधानसभा में 243 सीट हैं। 2020 में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में लालू यादव की आरजेडी ने सबसे ज्यादा 75 सीट पर जीत हासिल की थी। बीजेपी को साल 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में 74 सीट मिली थी। जबकि,  नीतीश कुमार की जेडीयू को 43, कांग्रेस को 19 और लोक जनशक्ति पार्टी को 1 सीट हासिल हुई थी। वामदलों और अन्य को 31 सीट मिली थी। इस बार नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए ने बिहार में 200 से ज्यादा सीट जीतने का दावा कर रखा है। दूसरी तरफ, आरजेडी के नेतृत्व वाला विपक्षी महागठबंधन नीतीश कुमार को सत्ता से हटाने के लिए जी तोड़ कोशिश कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed