June 1, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘दिशाहीन कांग्रेस खुद की दुनिया में मस्त’, अहमद पटेल के बेटे फैसल ने ये कहकर पीएम मोदी और बीजेपी के अन्य नेताओं की तारीफ की

अहमदाबाद। कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे अहमद पटेल के बेटे फैसल पटेल ने देश की सबसे पुरानी पार्टी के बारे में कहा है कि वे अपनी ही दुनिया में मस्त हैं। फैसल ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा कि कांग्रेस की खुद की दुनिया चल रही है और पार्टी दिशाहीन है। फैसल पटेल ने कहा कि बीजेपी की यही खूबी है कि वो बस पूरा नियंत्रण रखना चाहती है और दूसरी राजनीतिक पार्टी को बंद करना चाहती है।

फैसल पटेल ने साथ ही पीएम नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं की तारीफ भी की। अहमद पटेल के बेटे ने कहा कि हमारा देश सुरक्षाबलों की वजह से सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि देश चला रहे पीएम नरेंद्र मोदी, डॉ. एस. जयशंकर, अमित शाह, राजनाथ सिंह और सुधांशु त्रिवेदी वगैरा कड़ी मेहनत कर रहे हैं। फैसल पटेल ने महंगाई और बेरोजगारी वगैरा को समस्याएं बताया, लेकिन कहा कि फिर भी ये नेता अच्छा काम कर रहे हैं। फैसल पटेल की तरफ से पीएम मोदी और बीजेपी के अन्य नेताओं की तारीफ किया जाना हैरत करने वाला लग रहा है। इसकी वजह ये है कि फैसल की बहन मुमताज पटेल कांग्रेस की ही सदस्य हैं। फैसल पटेल के पिता अहमद पटेल कांग्रेस की सबसे बड़ी नेता सोनिया गांधी के राजनीतिक सचिव रहे। कहा जाता था कि अहमद पटेल की मंजूरी के बगैर कांग्रेस और यूपीए सरकार में पत्ता भी नही खड़कता था।

कांग्रेस से बीते 11 साल में तमाम युवा नेता निकलकर बीजेपी के साथ चले गए। ज्योतिरादित्य सिंधिया, जितिन प्रसाद वगैरा तो बीजेपी में जाकर मंत्री बने। वहीं, गौरव वल्लभ को प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद का सदस्य बनाया गया। कांग्रेस की तेज-तर्रार प्रवक्ताओं में शामिल राधिका खेड़ा खुद के अपमान का आरोप लगाकर पार्टी से निकलीं और अब बीजेपी की प्रवक्ता हैं। कुल मिलाकर कांग्रेस को लगातार लोकसभा और विधानसभा चुनावों में हार की वजह से अपने कई नेताओं का साथ खोना पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *