April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता को दी गई जेड प्लस सुरक्षा, हमला करने वाले से पूछताछ कर रही पुलिस

नई दिल्ली। हमले के एक दिन बाद दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता को केंद्र सरकार ने जेड प्लस सुरक्षा दी है। अब दिल्ली पुलिस की जगह सीआरपीएफ जवान सीएम रेखा गुप्ता की सुरक्षा में लगाए गए हैं। दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक कोर्ट ने रेखा गुप्ता पर हमले के आरोपी राजेश खिमजी को 5 दिन की रिमांड पर उसे सौंपा है। राजेश ने रेखा गुप्ता के सरकारी आवास पर बुधवार की सुबह जनसुनवाई के दौरान दिल्ली की सीएम पर हमला किया था। राजेश खिमजी के बारे में पता चला है कि वो बिना टिकट गुजरात से दिल्ली आया था। सीएम रेखा गुप्ता को उसने कुछ कागज दिए। फिर चीखना शुरू किया और उसके बाद दिल्ली की सीएम पर हमला कर दिया।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक राजेश खिमजी ने सीएम रेखा गुप्ता का हाथ पकड़ा। फिर बाल पकड़े और धक्का-मुक्की की। कुछ लोगों ने दावा किया है कि राजेश खिमजी ने सीएम को थप्पड़ भी मारा। हालांकि, दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इससे इनकार किया है। राजेश खिमजी की जनसुनवाई में मौजूद लोगों ने ही पिटाई की थी। हमले से दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता को चोट लगी। उनको तुरंत अस्पताल में दाखिल कराया गया। बाद में रेखा गुप्ता ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि वो ठीक हैं और अपने दायित्वों से नहीं हटेंगी। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता पर हमला करने वाले राजेश खिमजी से पुलिस और अन्य एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं।

राजेश खिमजी पर हत्या की कोशिश समेत कई धाराओं में पुलिस ने केस दर्ज किया है। पता चला है कि राजेश खिमजी मंगलवार से ही सीएम रेखा गुप्ता के सरकारी आवास के आसपास मंडरा रहा था। इसके अलावा उसने शालीमार बाग स्थित दिल्ली की सीएम के निजी आवास की भी रेकी की थी। उससे मोबाइल, आधार कार्ड और कुछ कागजात मिले हैं। दिल्ली पुलिस राजेश खिमजी को सीएम रेखा गुप्ता के आवास ले जाकर क्राइम सीन रिक्रिएट कर सकती है। फिलहाल दिल्ली पुलिस और खुफिया एजेंसियां ये जानने की कोशिश कर रही हैं कि घटना से पहले राजेश खिमजी से कोई मिला था या नहीं। वहीं, राजेश खिमजी के गुजरात स्थित घर पर भी पुलिस पहुंची थी। उसकी मां भानुबेन ने मीडिया से बातचीत में दावा किया है कि बेटा डॉग लवर है और उसकी मानसिक हालत भी स्थिर नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *