June 8, 2026

Hind foucs news

hindi new update

उकसावे की कार्रवाई मानते हुए कड़ा जवाब दिया जाएगा, अब यूरोपीय देशों को रूस ने दी चेतावनी

नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूरोपीय देशों के एक फैसले से खासे नाराज हैं और इतना ही नहीं उन्होंने इन देशों को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी भी दे दी है। यूक्रेन पर जारी रूसी हमलों के बीच अब यूरोप के 26 देशों ने मिलकर यूक्रेन के लिए सिक्योरिटी फोर्स बनाने का ऐलान किया है ताकि यूक्रेन की सेना को मजबूत किया जा सके। इसी बात पर रूसी राष्ट्रपति पुतिन भड़क गए हैं। रूस की ओर से यूरोपियों देशों को धमकी भरे अंदाज में कहा गया है कि यूक्रेन में विदेशी सैनिकों की तैनाती को उकसावे वाली कार्रवाई माना जाएगा और उसका कड़ा जवाब दिया जाएगा।

रूस के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि यूक्रेन के लिए यूरोपीय देशों का प्रस्ताव पूरी तरह अस्वीकार्य है। यूरोपीय देशों का यूक्रेन के पक्ष में लिया गया यह फैसला यूरोपीय महाद्वीप के लिए ठीक नहीं है। आपको बता दें कि जिन 26 यूरोपीय देशों ने यूक्रेन को सुरक्षा गारंटी देने और यूक्रेन के लिए सिक्योरिटी फोर्स बनाने का निर्णय लिया है उसमें प्रमुख रूप से फ्रांस, ब्रिटेन, इटली और जर्मनी शामिल हैं। इस फोर्स का उद्देश्य युद्धविराम की स्थिति में यूक्रेन को सुरक्षा गारंटी देना और यूक्रेन की सेना को मजबूत करना है।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का कहना है कि यूरोपीय देशों के इस प्रयास को अमेरिका का समर्थन भी जल्द मिल जाएगा। गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध को खत्म कराने के लिए लगातार प्रयासरत हैं लेकिन युद्धविराम पर सहमति बन नहीं पा रही है। इस बीच रूस के द्वारा यूक्रेन पर हमले भी लगातार जारी हैं। पिछले दस दिनों के अंदर रूस यूक्रेन पर तीन बड़े हमले कर चुका है। इस हमलों की वजह से यूक्रेन में भीषण तबाही मची है। वहीं यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की वैश्विक समुदाय से रूस पर कड़े प्रतिबंधों का आह्वान कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *