डोनाल्ड ट्रंप का भारत के खिलाफ एक और खेल!, जी-7 देशों को टैरिफ लगाने के लिए कहा
वॉशिंगटन। भारत के खिलाफ अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार कदम उठाते रहे हैं। ट्रंप ने पहले भारत पर 25 फीसदी टैरिफ लगाया। फिर रूस से कच्चा तेल और हथियार खरीदकर यूक्रेन युद्ध में उसकी मदद करने के आरोप में और 25 फीसदी टैरिफ लगा दिया। अब ट्रंप सरकार ने एक और खेल के तहत जी-7 देशों के विदेश मंत्रियों से कहा है कि वे भी रूस से कच्चा तेल खरीदने वाले देशों पर टैरिफ लगाएं। अमेरिका के वित्त सचिव स्कॉट बेसेंट ने जी-7 देशों के वित्त मंत्रियों से बातचीत में ये बात कही है। अमेरिका के विदेश विभाग की ओर से जारी बयान में इसकी तस्दीक की गई है।
रूस से कच्चा तेल खरीदने के मुद्दे पर भारत और अमेरिका के बीच तनातनी चल रही है। ऐसे में अमेरिका ने जी-7 देशों को भी भारत के खिलाफ भड़काने की कोशिश की है। जबकि, बीते दिनों ही अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम नरेंद्र मोदी को अपना दोस्त बताया था। ट्रंप ने साथ ही कहा था कि भारत और अमेरिका के रिश्तों के संबंध में चिंता करने की जरूरत नहीं है। ट्रंप लगातार कहते रहे हैं कि रूस से भारत कच्चा तेल खरीद रहा है और इसी वजह से यूक्रेन का युद्ध रुक नहीं रहा। ट्रंप के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो भी यही बात कहते हुए भारत के खिलाफ लगातार जहर उगलते रहे हैं। अब जी-7 के जरिए ट्रंप और उनके करीबी भारत पर दबाव को और बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।
हकीकत की बात करें, तो भारत अकेले रूस से कच्चा तेल नहीं खरीद रहा। रूस से सबसे ज्यादा कच्चा तेल चीन खरीद रहा है, लेकिन ट्रंप ने चीन पर उस तरह का टैरिफ नहीं लगाया है। इसके अलावा अमेरिका और यूरोप के देश भी रूस से गैस, यूरेनियम, खाद जैसी चीजें खरीद रहे हैं। भारत ने इसे इंगित करते हुए अमेरिका और यूरोप के देशों के दोहरे रवैये को उजागर भी किया था। अब जबकि, अमेरिका ने जी-7 देशों से भारत और चीन पर टैरिफ लगाने के लिए कहा है, तो भारत सरकार की प्रतिक्रिया का इंतजार है। जी-7 में अमेरिका के अलावा ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, कनाडा, इटली और जापान शामिल हैं। इन सभी देशों से भारत के अच्छे रिश्ते हैं। ऐसे में सवाल ये है कि क्या डोनाल्ड ट्रंप जी-7 देशों से भारत के रिश्ते बिगाड़ना चाहते हैं?
