लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ कनाडा सरकार का बड़ा एक्शन, घोषित किया आतंकवादी संगठन
नई दिल्ली। कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ कनाडा सरकार ने बड़ा एक्शन लेते हुए उसे आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया है। वैसे तो लॉरेंस बिश्नोई भारत में जेल में बंद है मगर उसका गैंग कनाडा समेत अन्य देशों में भी सक्रिय है। आतंकी संगठनों की लिस्ट में शामिल किए जाने के बाद अब कनाडा सरकार लॉरेंस गैंग से जुड़ी संपत्तियों को जब्त कर बैंक खाते फ्रीज कर सकती है। लॉरेंस गैंग हत्या, रंगदारी, अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी, मनी लॉन्ड्रिंग समेत तमाम तरह के अपराधों को अंजाम देता है।
कनाडा सरकार में मंत्री गेरी अनंदसंगरी की ओर से कहा गया है कि हर व्यक्ति को सुरक्षित रहने का का अधिकार है। लॉरेंस गैंग ने कुछ समुदायों को धमकाया और आतंक फैलाने का काम किया है। इस गैंग को आतंकी संगठनों की लिस्ट में सूचीबद्ध करने से हमारी सरकार को उनके अपराध पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी। कनाडा में अब 88 आतंकवादी संगठन लिस्टेड हो गए हैं। कनाडा सरकार की ओर से यह भी कहा गया है कि अगर कोई भी कनाडाई नागरिक लॉरेंस गैंग की किसी भी प्रकार से मदद करता है तो उसे गंभीर अपराध मानते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
आपको बता दें कि पिछले कुछ समय से लॉरेंस गैंग का आतंक बढ़ता जा रहा है। लॉरेंस गैंग के द्वारा अभिनेता सलमान खान को कई बार जान से मारने की धमकी दी जा चुकी है। यहां तक कि एक बार सलमान के मुंबई में घर के बाहर लॉरेंस गैंग के गुर्गे फायरिंग भी कर चुके हैं। वहीं सलमान खान के करीबी एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या भी लॉरेंस गैंग ने ही कराई थी। गैंग की ओर से कहा गया था कि जो भी सलमान का करीबी होगा वो बचेगा नहीं। इससे पहले फेमस पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या भी लॉरेंस बिश्नोई ने ही कराई थी।
