समुद्री शक्ति के रूप में उभर रहा है भारत, NIIO सेमिनार में बोले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
नई दिल्ली। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इंडियन नेवी के नौसेना नवाचार और स्वदेशीकरण संगठन (NIIO) सेमिनार स्वावलंबन 2025 में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, भारत अगर आज समुद्री शक्ति के रूप में उभर रहा है, तो उसमें नौसेना के साथ-साथ हमारे इनोवेटर्स का भी योगदान है। हमारा लक्ष्य केवल आर्थिक गतिविधि भर न हो, बल्कि वह सीधे-सीधे राष्ट्रीय मिशन से भी जुड़ा हो इसलिए राष्ट्रीय हित को ध्यान में रखते हुए प्राइवेट इंडस्ट्री को आगे आकर अपनी भूमिका बढ़ानी होगी।
राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारा सपना यह है, कि हर पेंच, हर सर्किट, हर बोर्ड, हर प्लेटफॉर्म सब कुछ भारत में बने। यह तभी संभव है, जब प्राइवेट, स्टार्टअप्स, आरएंडडी लैब्स और सरकारी संस्थान एक साझा दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ें। आज हमारा लक्ष्य यही है, कि भारत ऐसे रक्षा मंच बनाए, ऐसे सिस्टम्स बनाए, जो दुनिया में भरोसे का प्रतीक बनें। इसके लिए आपको अपने प्रोडक्शन, टेक्नोलॉजी, डिजाइन और इनोवेशन, इन सभी में नई गति से आगे आना होगा, एक उच्च प्रक्षेप पथ अपनाना होगा।
रक्षा मंत्री ने कहा, आने वाले समय में रक्षा नवाचार, स्वदेशी डिजाइन, उन्नत विनिर्माण और रणनीतिक स्वायत्तता ये सभी हमारे विकास की मुख्य शक्ति बनेंगे। आर्मी, नेवी, एयरफोर्स, कोस्ट गार्ड, डीपीएसयू, डीआरडीओ, स्टार्ट अप्स और वित्तीय संस्थानों का साथ मिलकर काम करना यह दिखाता है कि हमारा नवप्रवर्तन पारिस्थितिकी तंत्र कितना मजबूत और व्यापक हो चुका है। हमारे सभी प्रयासों की असली ताकत एक साथ मिलकर काम करने में है। आज जो भी उपलब्धियां हम देख रहे हैं, चाहे वह इनोवेशन का बढ़ता हुआ दायरा हो, प्राइवेट सेक्टर की सक्रिय भागीदारी हो, या फिर हमारे आर्म्ड फोर्सेज़, रिसर्च संस्थानों और शैक्षणिक जगत का आपसी सहयोग हो, इन सबके पीछे एक ही स्पिरिट ‘सहयोग’ है।
राजनाथ बोले, मैं रक्षा उद्योग, रिसर्च इंस्टीट्यूशंस और एकेडमिक समुदाय को विशेष बधाई देना चाहता हूं। जिस तरह आपने युवाओं का मार्गदर्शन किया, उनके लिए नए प्रयोग, नई टेक्नोलॉजी और नए अवसरों के रास्ते खोले, वह अपने आप में सराहनीय है। आपने यह साबित किया है कि डिफेंस सेक्टर में इनोवेशन, राष्ट्र की सामूहिक इच्छा का प्रतीक है। इनोवेशन का जो मोमेंटम आप सबने बनाया है, वह आगे भी ऐसे ही बना रहे। आप सब नए विचारों पर काम करते रहें, नए समाधान ढूंढ़ते रहें और देश की सुरक्षा व प्रगति में लगातार अपना योगदान देते रहें। मुझे पूरा विश्वास है कि आपकी ऊर्जा, आपकी सोच और आपकी प्रतिबद्धता आने वाले समय में भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
