April 23, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कर्नाटक में सीएम और डिप्टी सीएम के बीच खुलकर सामने आई रार, सोशल मीडिया पर छिड़ी तकरार, राजनीतिक माहौल गर्म

नई दिल्ली। कर्नाटक की कांग्रेस सरकार में सीएम और डिप्टी सीएम के बीच रार अब सोशल मीडिया तक पहुंच गई है। डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने एक्स पर पोस्ट किया, शब्द की शक्ति ही दुनिया की शक्ति है। दुनिया की सबसे बड़ी ताकत है अपनी बात पर कायम रहना। कोई जज हो, राष्ट्रपति हो या मैं खुद, हर किसी को अपनी कही हुई बात पूरी करनी चाहिए। डिप्टी सीएम के इस क्रिप्टिक पोस्ट को लेकर राजनीतिक माहौल में गर्मी आ गई थी। अब मुख्यमंत्री एम. सिद्धारमैया ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट से हलचल और बढ़ा दी। सिद्धारमैया ने बिना नाम लिए शिवकुमार को जवाब दिया और अपनी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं।

सिद्धारमैया ने सोशल मीडिया पर लंबी चौड़ी पोस्ट में लिखा, शब्द तब तक शक्ति नहीं है जब तक वह लोगों के लिए दुनिया को बेहतर न बनाए। कर्नाटक की जनता द्वारा दिया गया जनादेश क्षणिक नहीं, बल्कि पूरे पांच वर्षों तक चलने वाली जिम्मेदारी है। कांग्रेस पार्टी, जिसमें मैं भी शामिल हूं, अपने लोगों के लिए करुणा, निरंतरता और साहस के साथ अपने वादे पर चल रही है। कर्नाटक के लिए हमारा वचन कोई नारा नहीं है, बल्कि यह हमारी दुनिया है। यह घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है कि सरकार बनने के पहले महीने से ही, हम अपनी गारंटियों को शब्दों में नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर अमल में लाए।

– शक्ति योजना : 600 करोड़ से ज्यादा मुफ्त यात्राएं, कामकाजी महिलाओं के लिए सम्मान और गतिशीलता बहाल करना।

– गृह लक्ष्मी योजना : 1.24 करोड़ महिला-प्रधान परिवारों को सशक्त बनाना।

– युवा निधि योजना : 3 लाख से ज़्यादा युवाओं को सुरक्षा और आशा का सहारा।

– अन्न भाग्य योजना 2.0 : 4.08 करोड़ नागरिकों के लिए खाद्य सुरक्षा।

– गृह ज्योति योजना : 1.64 करोड़ परिवारों के लिए मुफ़्त बिजली।

सिद्धारमैया ने आगे लिखा, मेरे पहले कार्यकाल (2013-18) में 165 में से 157 वादे पूरे किए गए और जिनका प्रतिशत 95 फीसदी से ज्यादा रहा। इस कार्यकाल में, 593 में से 243+ वादे पूरे हो चुके हैं और बाकी सभी वादे प्रतिबद्धता, विश्वसनीयता और सावधानी के साथ पूरे किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *