February 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कांग्रेस नेता ने शेयर किया पीएम मोदी को चायवाला दिखाते हुए वीडियो, पलटवार कर बीजेपी बोली- कामदार पीएम के सामने नामदार खड़े नहीं हो सकते

नई दिल्ली। कांग्रेस की नेता रागिनी नायक की ओर से पीएम नरेंद्र मोदी का एक एआई वीडियो शेयर किए जाने पर बीजेपी ने पलटवार किया है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा है कि पहले रेणुका चौधरी ने संसद और सेना का अपमान किया। अब रागिनी नायक पीएम मोदी के चायवाला के बैकग्राउंड का मजाक बनाते हुए निशाना साध रही हैं। बीजेपी प्रवक्ता ने कहा है कि नामदार कांग्रेस ओबीसी और गरीब परिवार से आने वाले कामदार पीएम के सामने खड़ी नहीं हो सकती। बीजेपी प्रवक्ता शहजाद ने ये भी कहा है कि पहले भी प्रधानमंत्री के चायवाला बैकग्राउंड का मजाक उड़ाया गया। पीएम मोदी को 150 बार गालियां दी गई हैं। बिहार में उनकी मां को गाली दी गई।

दरअसल, कांग्रेस की नेता रागिनी नायक ने अपने एक्स अकाउंट पर पीएम मोदी का एक एआई वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में पीएम मोदी को एक अंतरराष्ट्रीय मंच पर हाथ में चाय की केतली और गिलासों के साथ दिखाया गया है। वीडियो के बैकग्राउंड में तमाम देशों के झंडे लगे हैं। बता दें कि इससे पहले साल 2013 में जब नरेंद्र मोदी को बीजेपी ने पीएम पद का अपना उम्मीदवार घोषित किया था, उस वक्त कांग्रेस के एक कार्यक्रम में मौजूद रहे मणिशंकर अय्यर ने मजाक बनाते हुए कहा था कि मोदी कभी पीएम नहीं बन सकते। अय्यर ने कहा था कि अगर मोदी चाहें, तो उनके लिए कार्यक्रम स्थल के बाहर हम चाय का स्टॉल लगवा सकते हैं। देखिए कांग्रेस नेता रागिनी नायक ने पीएम मोदी का कैसा एआई वीडियो शेयर किया।

पीएम मोदी लगातार अपनी चुनावी जनसभाओं में कहते रहे हैं कि कांग्रेस उनको जितना गाली देगी, उतना ही ज्यादा कमल खिलेगा। मोदी बाकायदा गिनाते हैं कि कांग्रेस के नेताओं ने उनको अब तक कितनी बार अपशब्द बोले हैं। जब नरेंद्र मोदी गुजरात के सीएम थे, उस वक्त कांग्रेस की अध्यक्ष रहीं सोनिया गांधी ने एक चुनावी जनसभा में उनको ‘मौत का सौदागर’ कहा था। उसके बाद से गुजरात में कांग्रेस कभी सत्ता में नहीं आई। राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर ‘चौकीदार चोर है’ और ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाया, लेकिन हर विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की घनघोर हार हो रही है। बिहार उसका ताजा उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed