April 23, 2026

Hind foucs news

hindi new update

मल्लिकार्जुन खरगे को हटाकर प्रियंका को कमान देने की सोनिया गांधी से की थी मांग, कांग्रेस ने पूर्व विधायक मोहम्मद मुकीम को पार्टी से निकाला

भुवनेश्वर। कांग्रेस ने ओडिशा के बारबाटी-कटक सीट से पूर्व विधायक मोहम्मद मुकीम को पार्टी से निकाल दिया है। मोहम्मद मुकीम पर पार्टी विरोधी गतिविधि का आरोप लगाया गया है। कांग्रेस ने मोहम्मद मुकीम की प्राथमिक सदस्यता भी रद्द कर दी है। कांग्रेस के पूर्व विधायक मुकीम ने सोनिया गांधी को चिट्ठी लिखकर मल्लिकार्जुन खरगे की बढ़ती उम्र का हवाला दिया था। मोहम्मद मुकीम ने प्रियंका गांधी वाड्रा को कमान देने की भी मांग सोनिया गांधी से की थी। जिसके बाद कांग्रेस ने मोहम्मद मुकीम पर कार्रवाई की।

रिपोर्ट्स के अनुसार मोहम्मद मुकीम पर कार्रवाई ओडिशा कांग्रेस के अध्यक्ष भक्त चरण दास के प्रस्ताव पर की गई। दास की ओर से मुकीम के खिलाफ कार्रवाई के प्रस्ताव को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी यानी एआईसीसी ने मंजूरी दी। कांग्रेस नेतृत्व ने माना कि मोहम्मद मुकीम का रवैया पार्टी के अनुशासन के खिलाफ है। इससे पहले मोहम्मद मुकीम ने न्यूज एजेंसी एएनआई से गुरुवार को बातचीत में बताया था कि उन्होंने कांग्रेस की सबसे बड़ी नेता सोनिया गांधी को चिट्ठी लिखी। मुकीम ने कहा था कि कांग्रेस मुश्किल दौर से गुजर रही है। नए नेतृत्व की जरूरत है। खरगे की 83 साल उम्र हो चुकी है। वो भागदौड़ और मेहनत नहीं कर सकते।

कांग्रेस से निकाले गए पूर्व विधायक मोहम्मद मुकीम ने कहा था कि खरगे को सलाहकार बनना चाहिए और किसी युवा को सामने लाना चाहिए। मुकीम ने ये भी कहा था कि कांग्रेस के पास प्रियंका गांधी वाड्रा और बहुत सारे युवा नेता हैं। जो कांग्रेस को मजबूत कर सकते हैं। मोहम्मद मुकीम ने कहा था कि कांग्रेस का सच्चा कार्यकर्ता होने के नाते उन्होंने सोनिया गांधी से व्यक्तिगत तौर पर अपील की है। मुकीम ने ये भी कहा था कि उपेक्षित होने की वजह से ज्योतिरादित्य सिंधिया, हिमंत बिस्व सरमा और मिलिंद देवड़ा जैसे नेताओं ने कांग्रेस छोड़ दी। उन्होंने सचिन पायलट, डीके शिवकुमार, रेवंत रेड्डी और शशि थरूर जैसे नेताओं को कांग्रेस की मुख्य टीम का आधार बनाने की मांग की थी। उन्होंने कांग्रेस की हालत को निराशाजनक बताया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *