चांदी के भाव 2 लाख पार!, सोना भी महंगा
नई दिल्ली। सोना और चांदी और महंगे हुए हैं। अगर आप इन कीमती धातुओं को खरीदने का मन बना रहे हैं, तो पहले यहां पहले सोना और चांदी का भाव देख लीजिए। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी एमसीएक्स पर बुधवार को सोने की कीमत 277 रुपए बढ़ी है। एमसीएक्स पर 24 कैरेट सोना अब 134686 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है। वहीं, एमसीएक्स पर चांदी के भाव 7750 रुपए बढ़कर 205505 रुपए प्रति किलो हो गया है। औद्योगिक क्षेत्र में मांग और अंतरराष्ट्रीय हालातों की वजह से चांदी की कीमत में काफी बढ़ोतरी हो रही है। सोना भी लगातार अपने रेट बढ़ाता जा रहा है।
सर्राफा बाजार में भी सोना महंगा है। इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिशन की वेबसाइट में बताया गया है कि बुधवार सुबह 24 कैरेट का 10 ग्राम सोना 132271 रुपए का रहा। 22 कैरेट 10 ग्राम सोने के भाव 129530 पर हैं। जबकि, 20 कैरेट सोना 118120 रुपए, 18 कैरेट सोना 107500 और 14 कैरेट सोने के सर्राफा बाजार में भाव 85600 रुपए प्रति 10 ग्राम रहे। वहीं, सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत 191971 रुपए प्रति किलो है। सर्राफा बाजार से अगर आप गहने खरीदते हैं, तो उस पर 3 फीसदी जीएसटी और मेकिंग चार्ज भी देना होता है।
बाजार के जानकारों के मुताबिक सोने और चांदी की कीमत में फिलहाल बड़ी फिसलन मुश्किल है। इस साल जनवरी से लगातार सोने और चांदी के रेट ऊपर जा रहे हैं। धनतेरस से दो दिन पहले सोना और चांदी सस्ते हुए थे, लेकिन नवंबर में लगातार सोने और चांदी ने भाव में तेजी पकड़ी हुई है। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में कटौती जैसे हालात की वजह से भी निवेशक सोना और चांदी में निवेश कर रहे हैं। इसकी वजह से भी दोनों कीमती धातुओं ने उछाल ले रखी है। इससे पहले बाजार के जानकारों ने अंदाज लगाया था कि दिसंबर 2025 में सोना 1.50 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम हो सकता है। उनका ये अंदाज तो अभी हकीकत नहीं बना, लेकिन चांदी ने सभी आकलन ध्वस्त करते हुए रिकॉर्ड जरूर बना दिया है।
