June 7, 2026

Hind foucs news

hindi new update

प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा आईपीएल के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी, चेन्नई सुपर किंग्स ने दोनों पर जमकर लुटाया पैसा

नई दिल्ली। आईपीएल 2026 के लिए खिलाड़‍ियों की मिनी नीलामी अबूधाबी में हो रही है। आज के इस ऑक्शन में 227 भारतीय खिलाड़ियों समेत कुल 359 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। आईपीएल की 10 फ्रेंचाइजी टीमों में 77 खिलाड़ियों के लिए ही स्लॉट खाली है। इस ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स ने ऑस्ट्रेलिया के धुरंधर ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन को 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा। इसी के साथ ग्रीन आईपीएल के इतिहास के अब तक के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गए हैं। वहीं अनकैप्ड खिलाड़ियों में प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा के लिए हाईएस्ट बोली लगाई गई।

प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा दोनों ही खिलाड़ियों के लिए चेन्नई सुपर किंग्स ने जमकर पैसा लुटाया। सीएसके ने पहले प्रशांत वीर को 14.20 करोड़ रुपए में साइन किया उसके बाद कार्तिक शर्मा को भी इतनी ही कीमत यानी 14.20 करोड़ के प्राइस पर खरीदा। इस तरह से इन दोनों खिलाड़ियों के लिए सीएसके ने 28.40 करोड़ रुपये खर्च किए। 14.20 करोड़ की प्राइम मनी के साथ प्रशांत और कार्तिक संयुक्त रूप से आईपीएल के इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स की तरफ से श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना पर भी मोटा पैसा लगाया गया। केकेआर ने पथिराना को 18 करोड़ रुपये में खरीदा और इस तरह से वो आईपीएल में अब तक श्रीलंका के सबसे महंगे प्लेयर बन गए हैं।

वहीं भारत के घरेलू क्रिकेट के नामी खिलाड़ी जम्मू कश्मीर के रहने वाले आकिब डार को भी काफी अच्छा प्राइस मिला। दिल्ली कैपिटल्स ने आकिब डार को 8.40 करोड़ रुपये में खरीदा जबकि उनका बेस प्राइस 30 लाख रुपये ही था। आईपीएल के पिछले चार सीजन से लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेल रहे रवि बिश्नोई अब राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा हो गए हैं। आरआर ने रवि बिश्नोई को 7 करोड़ 20 लाख रुपये में साइन किया। रवि का बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *