April 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

यूपीएसटीएफ ने बदमाश सिराज अहमद को एनकाउंटर में मार गिराया, 1 लाख का था इनाम

सहारनपुर। यूपी में एक और कुख्यात बदमाश को मार गिराया गया है। पश्चिमी यूपी के गंगोह में यूपीएसटीएफ ने 1 लाख के इनामी बदमाश सिराज अहमद पुत्र मंसूर अहमद को रविवार की दरम्यानी रात एनकाउंटर में मार गिराया। यूपीएसटीएफ की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक खुफिया जानकारी मिली थी कि सिराज अहमद नाम का बदमाश सहारनपुर के गंगोह थाना इलाके में मौजूद है। सिराज किसी आपराधिक वारदात को करने के लिए पंजाब-हरियाणा बॉर्डर से सहारनपुर पहुंचा था। खुफिया सूचना मिलने पर यूपीएसटीएफ ने उसे घेरा।

यूपीएसटीएफ ने 1 लाख के इनामी सिराज अहमद को सरेंडर करने के लिए कहा। इस पर बदमाश ने पलटकर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। यूपीएसटीएफ के जवानों ने इस पर पलटकर फायरिंग की। जिसमें बदमाश सिराज अहमद मौके पर घायल हुआ। अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। सिराज अहमद मूल रूप से यूपी के सुल्तानपुर जिले के लोलेपुर थाना इलाके का निवासी था। उसके पास से बाइक, 0.30 बोर की पिस्टल, 0.32 बोर की पिस्टल और बड़ी तादाद में कारतूस बरामद किए गए। उस पर 30 केस दर्ज थे। सिराज अहमद पर 8 अगस्त 2023 को सुल्तानपुर कोर्ट के वकील आजाद अहमद की गोली मारकर हत्या का भी आरोप था। उस पर एनएसए के तहत भी कार्रवाई हुई थी।

सिराज अहमद से पहले यूपी पुलिस ने ताबड़तोड़ एनकाउंटर कर 200 से भी ज्यादा बदमाशों को मार गिराया है। इसके अलावा पुलिस की कार्रवाई में हजारों बदमाश पकड़े भी गए हैं। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने 2017 में सत्ता संभालने के बाद बदमाशों से निपटने की यूपी पुलिस को खुली छूट दी थी। जिसके बाद यूपी पुलिस और यूपीएसटीएफ ने मोर्चा संभाला। यूपी के बदमाशों में पुलिस का ऐसा खौफ है कि सैकड़ों ने सरेंडर कर जेल जाना मुनासिब समझा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने साफ कहा है कि या तो बदमाश सूबा छोड़ दें, या पुलिस की गोली से मरने के लिए तैयार रहें। 1 लाख के इनामी बदमाश सिराज अहमद की मौत से कई जिलों में उसका आतंक अब खत्म हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *