इनके मुंह पर जैसे किसी ने फेविकोल चिपका दिया है, बांग्लादेश की घटना पर विपक्ष की चुप्पी को लेकर बरसे योगी आदित्यनाथ
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्याओं और उनके खिलाफ हिंसक घटनाओं पर विपक्षी दलों की चुप्पी को लेकर निशाना साधा। योगी ने कहा कि बांग्लादेश में जो हो रहा है उस पर कोई बोल नहीं रहा है। सेक्युलरिज्म के नाम पर ठेका लेकर चलने वाले वो लोग जिनकी दुकानें हिंदू समाज और सनातन धर्म को कमजोर करने और हिंदू समाज को तोड़ने की पूरी ताकत लगाती हैं, बांग्लादेश की घटना पर इनका मुंह बंद है। ऐसा लगता है कि इनके मुंह पर किसी ने फेविकोल चिपका दिया है, जैसे इनके मुंह पर टेप चिपक चुका है, एक भी शब्द इनके मुंह से नहीं निकल रहा।
योगी ने कहा कि बांग्लादेश की घटना को लेकर इनके द्वारा कोई कैंडिल मार्च नहीं निकाला जा रहा है, यह हम सबके लिए एक चेतावनी है। श्रीमद् जगद्गुरु श्री रामानंदाचार्य की 726वीं जयंती के अवसर पर प्रयागराज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, 726 वर्ष पूर्व प्रयागराज की इसी भूमि पर दिव्य महापुरुष का जन्म हुआ था। आज वही प्रयागराज एक बार फिर उद्घोष कर रहा है कि जाति, धर्म और संप्रदाय के नाम पर विभाजन हमारे लिए उसी तरह सर्वनाश का कारण बन जाएगा जैसे बांग्लादेश में हम देख रहे हैं।
यूपी सीएम बोले, हमारे संत समाज के द्वारा समाज को जोड़ने के लिए एक पूरी युक्ति की जाती है। जब संत समाज एक मंच पर आकर उद्घोष करता है तो परिणाम भी आता है, जैसे आपने देखा होगा अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर का निर्माण। यह पूज्य संतों की उसी साधना और उसी एकता का परिणाम है जिसे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मूर्तरूप दिया है। इस कार्यक्रम से पहले योगी आदित्यनाथ ने आज सुबह पवित्र संगम में डुबकी लगाई और पूजा अर्चना की।
