सिया गोयल और चेतन चौधरी के रिश्ते से परिवार का ये सदस्य था वाकिफ, केतन अग्रवाल हत्याकांड में नया खुलासा
पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में केतन विशाल अग्रवाल की हत्या के मामले की देशभर में गूंज है। केतन की हत्या में रोज नए खुलासे हो रहे हैं। ताजा खुलासा ये है कि केतन की मंगेतर सिया गोयल के परिवार के एक शख्स वाकिफ था कि उसका चेतन चौधरी से अफेयर है। केतन से सगाई के बाद इस शख्स ने सिया को सलाह भी दी थी कि वो चेतन चौधरी से अपने रिश्ते खत्म कर ले, लेकिन सिया नहीं मानी। अब केतन अग्रवाल की हत्या में सिया और चेतन दोनों ही जेल में हैं।
केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में पुणे पुलिस की जांच अभी जारी है। पुणे पुलिस ने केतन की हत्या की आरोपी सिया गोयल के भाई साहिल से भी पूछताछ की। इस पूछताछ के दौरान साहिल गोयल ने बताया कि उसे अपनी बहन का चेतन से रिश्ते का पता था। साहिल ने पुलिस को बताया कि केतन से रिश्ता तय होने के बाद उसने सिया गोयल से कहा था कि वो चेतन से दूरी बना ले। पुणे पुलिस को साहिल ने बताया है कि चेतन और उसकी दोस्ती 2024 में क्रिकेट खेलने के दौरान हुई है। इसके बाद चेतन और सिया की मुलाकात होने लगी।
वहीं, पुलिस को जांच में ये भी जानकारी मिली है कि सिया और चेतन ने केतन की हत्या से पहले अपने सभी वाट्सएप चैट डिलीट कर दिए थे। सिया और चेतन चौधरी ने अपने फोन के रिसायकिल बिन को भी खाली कर दिया था। जिससे कोई सबूत न मिल सके। दोनों के फोन अब फोरेंसिक साइंस लैब भेजे गए हैं। पुणे पुलिस का आरोप है कि 18 जून को लोहागढ़ किले ले जाकर सिया और चेतन ने केतन को खाई में धकेलकर मार डाला। वहीं, केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने दावा किया है कि सांप का नाम लेकर सिया ने 14 जून को भी केतन को लोहागढ़ किले में खाई में गिराकर मारने की कोशिश की थी, लेकिन केतन के हाथ एक झाड़ी आ गई और वो खाई में गिरने से बच गया।
