ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र में राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत से हड़कंप, आधा दर्जन से अधिक की मौत की आशंका
गाजियाबाद। जिले के ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम पचारा में भारतीय राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार गांव में आधा दर्जन से अधिक मोरों की मृत्यु होने की बात बताई जा रही है। हालांकि मौत के सटीक कारणों का अभी तक आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं हो सका है।
ग्रामीणों का कहना है कि जहर दिए जाने की आशंका के चलते मोरों की मौत हुई है। बताया जा रहा है कि एक मोर की हालत गंभीर थी, जिसे समय रहते बचा लिया गया। सूचना मिलते ही ट्रॉनिका सिटी थाना पुलिस और उत्तर प्रदेश वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है।
वन विभाग द्वारा मृत मोरों के नमूने जांच के लिए भेजे जाने की तैयारी की जा रही है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस भी मामले की जांच में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
इस घटना से ग्रामीणों में रोष है और उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। राष्ट्रीय पक्षी की इस तरह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत को लेकर प्रशासन गंभीरता से जांच कर रहा है।
