February 27, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के F-16 फाइटर जेट को मार गिराने का किया दावा, ख्वाजा आसिफ ने खुली जंग का किया ऐलान

नई दिल्ली। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच लंबे समय से जारी तनाव के चलते अब युद्ध जैसी स्थिति हो गई है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने खुली जंग का ऐलान कर दिया है। वहीं अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराने का दावा किया है। अफगानिस्तान के प्रमुख मीडिया संस्थान ‘टोलो न्यूज’ के अनुसार, अफगान सेना ने अपने हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करने पर पाकिस्तानी F-16 फाइटर जेट को नेस्तनाबूद कर दिया है। वहीं सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें लड़ाकू विमान के जलते हुए मलबे को देखा जा सकता है।

वहीं पाकिस्तान की तरफ से फिलहाल लड़ाकू विमान के गिराए जाने के संबंध में कोई बयान जारी नहीं किया गया है। इससे पहले अफगान बलों ने गुरुवार देर रात पाकिस्तान पर बड़े हमले किए। अफगान रक्षा मंत्रालय का कहना है कि इन हमलों में पाकिस्तान के 55 से ज्यादा सैनिक मारे गए और कई घायल हुए हैं। साथ ही पाकिस्तान की 19 सैन्य पोस्ट को तबाह कर उनपर कब्जा करने की बात भी अफगानिस्तान के द्वारा कही जा रही है। अफगानिस्तान का कहना है कि रविवार को अफगान सीमा क्षेत्रों पर पाकिस्तानी हवाई हमलों के जवाब में उसने यह कार्रवाई की।

दूसरी तरफ पाकिस्तान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए काबुल, कंधार और पक्तिया में हवाई हमले किए। पाकिस्तान ने दावा किया है कि उसके हमलों में 130 से अधिक तालिबान लड़ाके मारे गए हैं। पाकिस्तान ने अपने इस सैन्य अभियान को ‘ऑपरेशन गजब लिल हक’ नाम दिया है। हालांकि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की ओर से हमले की बात तो कबूली है मगर सैन्य पोस्ट को कब्जे में लिए जाने के दावे को खारिज किया है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि हमारे देश के बहादुर सैनिक अफगान आक्रामकता का करारा जवाब दे रहे हैं। हम उनकी हदें जानते हैं। पाकिस्तान का सब्र अब जवाब दे चुका है और अब खुली जंग होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *