‘सरेंडर करे वरना…’, अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने दी चेतावनी तो ईरान बोला- जंग तुमने शुरू की और खत्म हम करेंगे
वॉशिंगटन। ईरान पर हमला शुरू होने के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि या तो इस्लामी देश सरेंडर कर दे या मौत का सामना करे। ट्रंप ने कहा है कि ईरान के खिलाफ बड़ी सैन्य कार्रवाई का उद्देश्य उसके परमाणु और मिसाइल कार्यक्रम को खत्म करना है। ट्रंप ने वीडियो जारी कर कहा कि ईरान की परमाणु महत्वाकांक्षा को किसी कीमत पर पूरा नहीं होने दिया जाएगा। अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा कि उनका देश ईरान के परमाणु ठिकानों को पूरी तरह नष्ट कर देगा। ट्रंप ने ये भी कहा कि ईरान की नौसेना और मिसाइलों को अमेरिका तबाह करने जा रहा है।
ट्रंप ने ईरान को आतंकवाद फैलाने वाला नंबर एक देश बताया। अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा कि बीते 47 साल से ईरान ये नारे देता रहा है कि अमेरिका का खात्मा करना है। डोनाल्ड ट्रंप ने अपना बयान में ईरान के इस्लामी शासन को खतरनाक बताया और कहा कि उसकी गतिविधि अमेरिका, उसके सैनिकों और सहयोगियों के लिए बड़ा खतरा है। ट्रंप ने ये भी कहा कि हो सकता है ईरान के खिलाफ कार्रवाई में अमेरिका के कुछ सैनिकों को जान भी गंवानी पड़े, लेकिन फिर भी ईरान के परमाणु कार्यक्रम को किसी सूरत में माना नहीं जा सकता। ट्रंप के इस बयान से ये संकेत भी मिल रहे हैं कि अमेरिका इस बार ईरान के इस्लामी शासन को पूरी तरह नेस्तनाबूद करने के इरादे से मैदान में उतरा है।
उधर, ईरान ने कहा है कि जंग अमेरिका ने शुरू की है, लेकिन उसका खात्मा वो करेगा। अमेरिका और इजरायल ने ‘ऑपरेशन शील्ड ऑफ जूडा’ के तहत ईरान की राजधानी तेहरान और कई शहरों पर हमला बोला। बताया जा रहा है कि तेहरान में राष्ट्रपति के दफ्तर और आवास को भी निशाना बनाया गया है। वहीं, ये जानकारी आ रही है कि ईरान सरकार ने पहले ही अपने सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई को सुरक्षित जगह भेज दिया था। इससे पहले खामेनेई ने अमेरिका के विमानवाहक पोत तैनात करने पर कहा था कि ये खतरनाक होते हैं, लेकिन उनको डुबोया भी जा सकता है। ऐसे में ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच बड़े पैमाने पर जंग होने के आसार दिख रहे हैं।
