रिंकू सिंह पिता के निधन के कारण नहीं खेलेंगे टी20 वर्ल्डकप का अगला मैच, बीसीसीआई की ओर से आया अपडेट
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह के निधन के बाद अलीगढ़ में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। लिवर कैंसर की बीमारी के चलते उनका सुबह तड़के निधन हो गया था, वो ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती थे। रिंकू सिंह ने अपने पिता की अर्थी को कंधा दिया और नम आंखों से उनको अंतिम विदाई दी। पिता की अर्थी को कंधा देते हुए रिंकू सिंह के चेहरे पर उनका दुख साफ नजर आ रहा था। इस बीच टी20 वर्ल्डकप में भारत का वेस्टइंडीज से होने वाले अगले मैच में रिंकू सिंह के खेलने को लेकर बीसीसीआई ने अपडेट दिया है।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में बोर्ड रिंकू सिंह के साथ है। उन्होंने कहा कि रिंकू सिंह फिलहाल अगले मैच के लिए टीम के साथ कोलकाता नहीं जाएंगे। उनके विषय में जो भी अपडेट होगा उससे अवगत कराया जाएगा। आपको बता दें कि इससे पहले रिंकू सिंह जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में भी टीम का हिस्सा नहीं थे। 21 फरवरी को रिंकू सिंह के पिता की तबीयत ज्यादा खराब होने के बाद उनको अलीगढ़ से लाकर नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था। 24 फरवरी को रिंकू सिंह को टीम का साथ छोड़कर पिता के पास जाना पड़ा था। हालांकि कल यानी 26 फरवरी को रिंकू वापस टीम के साथ ज्वाइन हो गए थे मगर उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच नहीं खेला था।
विराट कोहली, शिखर धवन, युवराज सिंह, इरफान पठान समेत कई लोगों ने रिंकू सिंह के निधन पर शोक जताया है। विराट ने कहा इस कठिन समय में मेरी हार्दिक प्रार्थनाएं और संवेदनाएं रिंकू और उनके परिवार के साथ हैं। ईश्वर की कृपा से आपको इस दु:ख को सहने की शक्ति मिले। वहीं शिखर धवन ने अपनी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, रिंकू, मेरी गहरी संवेदनाएं आपके और आपके प्रियजनों के साथ हैं। आपके पिता की आत्मा को शांति मिले और इस कठिन समय में आपको शक्ति मिले। ओम शांति।
