March 2, 2026

Hind foucs news

hindi new update

गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों को किया अलर्ट, ईरान समर्थकों और विरोधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश

नई दिल्ली। ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमले जारी हैं। वहीं, गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों को अलर्ट भेजा है। गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों से कहा है कि वे ईरान का पक्ष लेने और विरोध करने वालों पर कड़ी नजर रखें। गृह मंत्रालय ने इस वजह से अलर्ट किया है, क्योंकि ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की हमले में मौत के बाद जम्मू-कश्मीर, यूपी, तेलंगाना जैसे राज्यों में विरोध प्रदर्शन हुए थे। वहीं, सोशल मीडिया पर तमाम लोग ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों को सही ठहरा रहे हैं। इस वजह से तनाव हो सकता है। जिसे रोकने के लिए गृह मंत्रालय ने पहले ही अलर्ट कर दिया है।

इस बीच, जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने श्रीनगर के लाल चौक पर सख्त बैरिकेडिंग कर दी है। राज्य में कहीं भी किसी तरह के धरना प्रदर्शन पर रोक लगाने का आदेश भी जारी किया गया है। लाल चौक पर रविवार को शिया समुदाय के लोगों ने खामेनेई की मौत के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था। कुछ प्रदर्शनकारियों ने लाल चौक पर लगाए गए बैरिकेडिंग को भी गिरा दिया था। हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने के कारण लाल चौक पर कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और बाद में प्रदर्शनकारी यहां से चले गए।

ईरान पर इजरायल के हमलों का भारत में भी तमाम लोग पहले विरोध करते रहे हैं। हालांकि, इस तरह का विरोध सोशल मीडिया पर ही होता रहा है। अब अमेरिका और इजरायल के हमलों में खामेनेई की मौत पर ईरान समर्थक सड़कों पर उतरे। पड़ोसी देश पाकिस्तान में तो प्रदर्शनकारियों ने कराची और लाहौर के अमेरिकी कॉन्सुलेट को निशाना बनाया और इस्लामाबाद में अमेरिका के दूतावास के सामने भी प्रदर्शन किया। कराची में हालात इतने बिगड़े कि सुरक्षाबलों को फायरिंग करनी पड़ी। जिसमें कई लोगों की जान गई। ऐसे में गृह मंत्रालय ने हालात काबू में रखने के लिए कदम उठाए हैं। भारत में अमेरिका और इजरायल के दूतावास और कॉन्सुलेट की सुरक्षा भी बढ़ाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *