यूपी पुलिस ने नौ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पर दर्ज किया केस, लट्ठमार और लड्डूमार होली को बदनाम करने का आरोप
मथुरा। यूपी को बदनाम करने की कोशिश के आरोप में नौ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मथुरा पुलिस ने ब्रज की प्रसिद्ध होली की छवि बदनाम करने के आरोप में ये कार्रवाई की है। बरसाना और नंदगांव की लट्ठमार और लड्डूमार होली के बारे में दुष्प्रचार का इन सभी इन्फ्लुएंसर पर आरोप है। मथुरा पुलिस केस दर्ज करने के बाद इन सभी को गिरफ्तार करने की तैयारी में है। मथुरा की बरसाना पुलिस का कहना है कि इन नौ इन्फ्लुएंसर ने सोशल मीडिया पर एडिटेड वीडियो क्लिप वायरल कर हजारों साल पुरानी सांस्कृतिक परंपरा के बारे में भ्रम फैलाने की कोशिश की।
मथुरा पुलिस के मुताबिक उसके संज्ञान में आया कि इन इन्फ्लुएंसर ने होली के पुराने वीडियो काट-छांटकर आपत्तिजनक तरीके से सोशल मीडिया पर साझा किया। इस वजह से होली के मौके पर ब्रज आने वाले लोगों में अफवाह का फैलाने की कोशिश हुई कि वे यहां न आएं। मथुरा पुलिस के मुताबिक उसने जांच की, तो पाया कि इन्फ्लुएंसर के इन वीडियो की वजह से समाज में वैमनस्यता भी फैल रही है। साथ ही तनाव पैदा होने और महिलाओं में सुरक्षा की भावना खत्म होने का भी खतरा है। इसके बाद पुलिस ने नौ इन्फ्लुएंसरों के खिलाफ केस दर्ज करने का फैसला किया।
मथुरा पुलिस ने जिन इन्फ्लुएंसर के खिलाफ केस दर्ज किया है, उनमें काविश अजीज @azizkavish, आईएम अयान @imayankindian, पीयूष राय @Benarasiyaa, विशाल ज्योति देव अग्रवाल @JyotiDevSpeaks), उदय राय, ममता राजगढ़, Prayagraj.vibes, r_nagar_vlogs और Kotafoodexplorerr हैं। सभी पर बीएनएस की धाराएं लगाई गई हैं। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने हमेशा कहा है कि सामाजिक ताना-बाना और सौहार्द को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ यूपी पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। इस मामले में योगी सरकार किसी भी तरह का भेदभाव नहीं करती। अब मथुरा पुलिस के केस दर्ज करने से इन नौ इन्फ्लुएंसर के लिए बड़ी मुश्किल खड़ी हो सकती है। सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी भरा पोस्ट न करना इनको कानूनी कार्रवाई की जद में ले आई है।
