March 2, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘कांग्रेस ने पुदुचेरी को दिल्ली में बैठे एक परिवार का एटीएम बना दिया था…डीएमके राज में घोटालों की लिस्ट’, पीएम मोदी ने साधा निशाना

पुदुचेरी। पीएम नरेंद्र मोदी ने रविवार को पुदुचेरी में 2700 करोड़ से ज्यादा विकास की तमाम योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस मौके पर जनसभा में पीएम मोदी ने तमिलनाडु में शासन कर रही डीएमके और कांग्रेस व गांधी परिवार पर निशाना भी साधा। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने पुदुचेरी को दिल्ली में बैठे एक परिवार का एटीएम बना दिया था। पीएम मोदी ने कहा कि डीएमकी की जब बात आती है, तो आप तमिलनाडु में घोटालों की लंबी लिस्ट देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और डीएमके पुदुचेरी की विकास यात्रा में स्पीड ब्रेकर बन गए थे। अब वे ताकतें ही फिर से यहां सत्ता की भूखी हैं। सुनिए पीएम मोदी ने जनता से क्या सवाल पूछा।

जनसभा में पीएम मोदी ने कहा कि पुदुचेरी आना सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि पुदुचेरी संतों, कवियों और स्वतंत्रता सेनानियों की भूमि रही है। पीएम मोदी ने जनसभा में महाकवि सुब्रहमण्यम भारती का नाम लेते हुए कहा कि उन्होंने पुदुचेरी की धरती से राष्ट्रवाद की अलख जगाई थी। पीएम मोदी ने युवा शक्ति की भी सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि मजबूत और ताकतवर युवा ही भारत की तरक्की की नींव है। उन्होंने तमिलनाडु और पुदुचेरी में छात्रों के लिए तमाम प्रोजेक्ट लॉन्च किए जाने का उदाहरण दिया और कहा कि हम सपनों को समर्थन देने के लिए काम कर रहे हैं।

पीएम मोदी ने अपनी सरकार के कामकाज भी गिनाए। पुदुचेरी में जनसभा में पीएम मोदी ने कहा कि देशभर में उच्च गुणवत्ता वाले बुनियादी ढांचे को बनाने का काम चल रहा है। बुनियादी ढांचे के लिए इस साल बजट में 12 लाख करोड़ रुपए के आवंटन का जिक्र कर पीएम मोदी ने कहा कि इससे पुदुचेरी में बेहतर सड़कें, पेयजल, तटीय ढांचा, स्कूल और अस्पताल जैसी सुविधाएं दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि पुदुचेरी को कैपिटल इन्वेस्टमेंट स्कीम से विशेष मदद दी गई है। ये मदद पहले राज्यों को ही मिलती थी। तमिलनाडु और पुदुचेरी में अगले कुछ महीनों में विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। पुदुचेरी में पिछली बार एनडीए सरकार बनी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *