March 10, 2026

Hind foucs news

hindi new update

लोनी के यूट्यूबर पर हमले का मुख्य आरोपी गुलफाम पुलिस मुठभेड़ में ढेर, एक लाख का था इनामी

नरेंद्र बंसल –

गाजियाबाद | पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद की स्वाट टीम एवं अपराध शाखा ने लोनी के चर्चित यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमले के मुख्य आरोपी और 1 लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी गुलफाम को मुठभेड़ में मार गिराया। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि एक आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा।

क्या है पूरा मामला?
दिनांक 26 फरवरी 2026 की सुबह करीब 8 बजे लोनी क्षेत्र निवासी यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर उनके कार्यालय में दो अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस सनसनीखेज वारदात के बाद थाना लोनी में मुकदमा अपराध संख्या 50/2026 धारा 109(1)/333/3(5) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। सलीम वास्तिक वर्तमान में अस्पताल में उपचाराधीन हैं। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर घटना में जीशान और गुलफाम पुत्र बुनियाद अली निवासी सैदनगली, अमरोहा के नाम सामने आए थे। दोनों पर पुलिस आयुक्त द्वारा 1-1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पहले जीशान, अब गुलफाम ढेर-
1 मार्च 2026 को निठोरा रोड रेलवे अंडरपास के पास हुई मुठभेड़ में आरोपी जीशान घायल हुआ था, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी।
वहीं 3 मार्च की रात करीब 9:20 बजे थाना इंदिरापुरम क्षेत्र में वसुंधरा बिजलीघर के सामने स्वाट टीम ने गुलफाम और उसके साथी की घेराबंदी की। बाइक सवार बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

मुठभेड़ में:
दो पुलिसकर्मी—हेड कांस्टेबल पुष्पेंद्र कुमार शुक्ला और हेड कांस्टेबल संदीप कुमार गोली लगने से घायल हुए।
सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) अमित सक्सेना व दो अन्य अधिकारियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोलियां लगीं।

प्रभारी स्वाट टीम निरीक्षक अनिल कुमार बाल-बाल बचे –
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गुलफाम घायल हुआ, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरा आरोपी अंधेरे और भौगोलिक परिस्थितियों का लाभ उठाकर फरार हो गया।

बरामदगी-
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने .32 बोर पिस्टल, .315 बोर तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस, दिल्ली से चोरी की केटीएम बाइक (बिना नंबर प्लेट), चाकू, सैमसंग मोबाइल फोन, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य सामान बरामद किया है।

आगे की कार्रवाई-
घटना के संबंध में थाना इंदिरापुरम द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *