March 10, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बीजेपी ने राज्यसभा चुनाव के लिए महाराष्ट्र से घोषित किए चार उम्मीदवार, लिस्ट में विनोद तावड़े और रामदास अठावले का भी नाम

नई दिल्ली। बीजेपी ने आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए अपने चार और उम्मीदवार आज घोषित कर दिए हैं। यह चारों कैंडिडेट महाराष्ट्र के हैं। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले, बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को महाराष्ट्र से राज्यसभा उम्मीदवार बनाया गया है। इनके अलावा कैंडिडेट की लिस्ट में नागपुर की पूर्व मेयर माया चिंतामण ईवनाते का भी नाम है। आदिवासी समुदाय से आने वाली माया चिंतामण इससे पहले राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाती आयोग की सदस्य के रूप में काम कर चुकी हैं। लिस्ट में चौथा नाम महाराष्ट्र बीजेपी के नेता रामराव वडकुले का है।

इससे पहले मंगलवार को बीजेपी ने 6 राज्यों से 9 कैंडिडेट घोषित किए थे। इसमें बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का भी नाम था। बीजेपी ने नितिन नबीन को बिहार से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है। गौरतलब है कि 10 राज्यों में राज्यसभा की 37 सीटें अप्रैल में रिक्त हो रही हैं। राज्यसभा की खाली हो रही इन सीटों पर ही चुनाव होना है। सर्वाधिक 7 सीटें महाराष्ट्र में खाली हो रही हैं। चार कैंडिडेट के नाम घोषित हो गए हैं, तीन नामों का ऐलान अभी बाकी है। अब तक घोषित उम्मीदवारों में बीजेपी ने शिवेश कुमार को भी बिहार से ही उम्मीदवार बनाया है। जबकि असम से तेराश गोवाला और जोगेश मोहन को बीजेपी ने राज्यसभा कैंडिडेट बनाया है।

इसी तरह हरियाणा से संजय भाटिया, पश्चिम बंगाल से राहुल सिन्हा के नाम का ऐलान किया गया है। ओडिशा से मनमोहन सामल तथा सुजीत कुमार के नाम की घोषणा की गई है। वहीं छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा को उम्मीदवार घोषित किया गया है। कल यानी 5 मार्च को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तिथि है। 6 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 9 मार्च नाम वापसी की अंतिम तारीख है। 16 मार्च को सुबह 9 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक वोटिंग होगी और उसी दिन शाम 5 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *