July 8, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दुलारचंद हत्या मामले में मोकामा विधायक अनंत सिंह को पटना हाईकोर्ट से जमानत

नई दिल्ली। बिहार के मोकामा से जेडीयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को दुलारचंद हत्या मामले में आज पटना हाईकोर्ट से बेल मिल गई है। इसी के साथ अब अनंत सिंह का बेऊर जेल से बाहर आने का रास्ता साफ हो गया है। कागजी कार्यवाही पूरी होने के बाद संभवत: 20 या 21 मार्च तक अनंत सिंह की जेल की रिहाई हो सकती है। इससे पहले पटना की एमपी-एमएलए अदालत ने अनंत सिंह पर लगे आरोपों की गंभीरता का हवाला देते हुए उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद अनंत सिंह ने उस आदेश को चुनौती देते हुए उच्च न्यायालय में बेल के लिए याचिका दाखिल की थी।

प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के समर्थक दुलारचंद यादव की बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान हत्या हो गई थी। इस हत्याकांड में अनंत सिंह का नाम सामने आया था जिसके बाद उनको गिरफ्तार किया गया था। अनंत सिंह ने जेल से ही चुनाव लड़ा था और जीत दर्ज की थी। अब अनंत सिंह को कोर्ट से जमानत मिलने के बाद उनके समर्थक खासे प्रसन्न हैं। अभी हाल ही में राज्यसभा चुनाव में कोर्ट ने अनंत सिंह को वोट डालने की अनुमति दी थी जिसके बाद अनंत सिंह ने प्रदेश विधानसभा पहुंचकर वोट डाला था।

उस दौरान अनंत सिंह ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा था कि जब नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं तो वो अब आगे वो भी चुनाव नहीं लड़ेंगे। अनंत सिंह ने कहा था कि अब उनके बेटों के चुनाव लड़ने का समय आ गया है। इससे पहले अनंत सिंह की पत्नी नीलिमा देवी मोकामा से विधायक थीं। जेल में रहते हुए अनंत सिंह की जीत ने एक बार फिर से यह साबित कर दिया है कि मोकामा में उनकी कितनी पैठ है और वहां की जनता अपने नेता के तौर पर अनंत सिंह को पसंद करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *