March 30, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग कर रहा धड़ाधड़ तबादले, अब इन जिलों के डीएम बदले

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में विधानसभा चुनाव कराने के लिए चुनाव आयोग धड़ाधड़ अफसरों के ट्रांसफर कर रहा है। चुनाव आयोग ने अब पश्चिम बंगाल के 13 जिलों के डीएम पद पर नई नियुक्ति का आदेश जारी किया है। चुनाव आयोग ने ताजा आदेश में पश्चिम बंगाल के कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, उत्तर दिनाजपुर, मालदा, मुर्शिदाबाद, नदिया, पूर्व बर्धमान, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, दार्जिलिंग और अलीपुरद्वार के डीएम बदले हैं। इनके अलावा कोलकाता उत्तर म्यूनिसिपल कमिश्नर और कोलकाता साउथ के जिला निर्वाचन अधिकारी को भी चुनाव आयोग ने बदला है।

चुनाव आयोग ने इससे पहले मंगलवार को पश्चिम बंगाल के कई और टॉप पुलिस अफसरों को हटाया था। दक्षिण बंगाल क्षेत्र के एडीजी पद पर डॉ. राजेश कुमार सिंह, उत्तर बंगाल क्षेत्र के एडीजी पद पर के. जयरामन, आसनसोल/दुर्गापुर के पुलिस कमिश्नर पद पर डॉ. प्रणव कुंटार, हावड़ा के पुलिस कमिश्नर पद पर अखिलेश कुमार चतुर्वेदी, बैरकपुर के पुलिस कमिश्नर पद पर अमित कुमार सिंह और चंदननगर के पुलिस कमिश्नर पद पर सुनील कुमार यादव की नियुक्ति चुनाव आयोग ने की थी। इसके अलावा चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के बारासात, कूचबिहार, बीरभूम, इस्लामपुर, हुगली ग्रामीण, डायमंड हार्बर, मुर्शिदाबाद, बशीरहाट, मालदा, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और जंगीपुर में नए एसपी और कोलकाता सेंट्रल डीसीपी पद पर भी नए अफसर की तैनाती की थी।

चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान करने के साथ ही राज्य की मुख्य सचिव, गृह सचिव, डीजीपी, डीजी, आईजी, कोलकाता के पुलिस कमिश्नर को हटा दिया था। इसके बाद ही पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग ताबड़तोड़ तबादला एक्सप्रेस चला रहा है। जिन अफसरों को चुनाव आयोग ने हटाया है, उनको चुनाव संबंधी किसी भी काम में नियुक्त न करने के लिए भी कहा है। इसके अलावा चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में बड़े पैमाने पर ऑब्जर्वर की नियुक्ति भी की है। पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को विधानसभा चुनाव की वोटिंग होनी है। जिसके नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *