May 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दिल्ली विधानसभा, स्पीकर विजेंद्र गुप्ता और मेट्रो स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां एलर्ट

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा परिसर और स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। अलग-अलग ईमेल के जरिए यह धमकी भरे मैसेज भेजे गए हैं। पहली धमकी आज सुबह 7.28 बजे विधानसभा के आधिकारिक ईमेल पर आई। इसके बाद 7.49 बजे विधानसभा अध्यक्ष के ईमेल पर धमकी वाला मैसेज आया। इन ईमेल में यह धमकी दी गई है कि दोपहर 1:11 बजे विधानसभा में और रात 9:11 बजे दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर बम ब्लास्ट होगा। धमकी देने वाले ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली के एलजी तरनजीत संधू, दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के नाम का भी जिक्र किया है।

धमकी भरे ईमेल में खालिस्तान जनमत संग्रह का भी जिक्र किया गया है। धमकी भरे इन ईमेल को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और प्रशासन के आलाधिकारी विधानसभा पहुंचे और छानबीन शुरू की। पुलिस के साथ डॉग स्क्वाड की टीम भी विधानसभा परिसर पहुंची है और चप्पे चप्पे की तलाशी ली जा रही है। एक अलावा फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस को स्टैंड बाय पर रखा गया है। हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी प्रकार की कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। सुरक्षा एजेंसियां इस धमकी भरे ईमेल की जांच कर यह पता लगाने की कोशिश में लगी हैं कि यह कहां से भेजी गई हैं।

फिलहाल मामले की तफ्तीश जारी है। वैसे ऐसा पहली बार नहीं है जब विधानसभा परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है, इससे पहले भी कई बार ऐसा हो चुका है। वहीं बीजेपी विधायक तरविंदर सिंह मरवाह का कहना है कि आतंकवादी हर जगह फैले हुए हैं, यह बात सबको पता है। पाकिस्तान का इसमें हाथ है और वे हर जगह धमकियां देकर लोगों को डराने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हम उनसे नहीं डरेंगे। विधानसभा में सभी विधायक मौजूद हैं, चाहे वे बम लगाएं या कुछ और करें, हम नहीं डरेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *