रूस में सैन्य विमान An-26 दुर्घटनाग्रस्त, प्लेन में सवार सभी 29 लोगों की मौत
नई दिल्ली। रूस के क्रीमिया में एक सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार सभी 29 लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि विमान के ऊंची पहाड़ी से टकराने की वजह से यह दुर्घटना हुई। रूसी सेना का An-26 विमान मंगलवार देश शाम के वक्त अपनी निर्धारित उड़ान पर ब्लैक सी के पास क्रीमियाई प्रायद्वीप के ऊपर से गुजर रहा था तभी उसका कंट्रोल रूम से संपर्क टूट गया। काफी सर्च करने के बाद जब विमान की लोकेशन ट्रेस हुई तो यह पता चला कि वो क्रैश हो चुका था।
रूसी रक्षा मंत्रालय ने विमान हादसे की पुष्टि करते हुए जानकारी दी है कि इस दुर्घटना में विमान सवार कोई भी जीवित नहीं बचा है। रूसी सेना इस बात का पता लगा रही है कि आखिर यह विमान किन परिस्थियों में दुर्घटनाग्रस्त हुआ? क्या किसी तकनीकी खराबी की वजह से विमान ऊंची पहाड़ी से टकराया या पायलट की गलती के कारण दुर्घटना हुई? पूरी जांच के बाद ही इस बात का पता चल सकेगा। वैसे प्रारम्भिक जांच के बाद ऐसी आशंका जताई जा रही है कि विमान में तकनीकी खराबी आ गई थी और इसी वजह से यह हादसा हुआ।
इस विमान में चालक दल के 6 सदस्यों समेत कुल 29 लोग सवार थे। जिस जगह पर विमान दुर्घटना हुई है वो इलाका सुरक्षा के लिहाज से काफी संवेदनशील माना जाता है, इसलिए इस दुर्घटना को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आपको बता दे कि An-26 विमान एक हल्का एयरक्राफ्ट होता है जिसका मुख्य रूप से सेना के द्वारा इस्तेमाल होता है। यह मध्यम दूरी की यात्रा के लिए उपयुक्त है और इसमें सामान के साथ लगभग 40 लोगों को ले जाने की क्षमता होती है। इससे पहले 9 दिसंबर को रूस के इवानोवो क्षेत्र के इवानकोवो गांव के पास एक एंटोनोव An-22 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
