June 27, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कॉमर्शियल रसोई गैस की कीमत में 195.50 रुपए की बढ़ोतरी

नई दिल्ली। पेट्रोलियम कंपनियों ने 1 अप्रैल 2026 से कॉमर्शियल रसोई गैस (एलपीजी) के सिलेंडर की कीमत में 195.50 रुपए की बढ़ोतरी की है। इससे कॉमर्शियल एलपीजी के सिलेंडर की कीमत 2000 रुपए के पार चली गई है। इससे पहले 1 मार्च 2026 को पेट्रोलियम कंपनियों ने कॉमर्शियल एलपीजी की कीमत 114.50 रुपए बढ़ाई थी। पेट्रोलियम मंत्रालय ने अब आंकड़े देकर बताया है कि कॉमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर की कीमत आखिर क्यों बढ़ानी पड़ी। पेट्रोलियम मंत्रालय ने बताया है कि कॉमर्शियल एलपीजी की कीमतें बाजार तय करता है। देश में कुल इस्तेमाल होने वाली एलपीजी में कॉमर्शियल सिलेंडर का हिस्सा 10 फीसदी से भी कम है।

पेट्रोलियम मंत्रालय ने बताया है कि सऊदी अरब से एलपीजी कॉन्ट्रैक्ट प्राइस में 44 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। मार्च में इसकी कीमत 542 डॉलर टन था। जो अप्रैल में बढ़कर 780 डॉलर हो गया है। मंत्रालय के मुताबिक दुनियाभर में एलपीजी की सप्लाई का 20 से 30 फीसदी हिस्सा होर्मुज स्ट्रेट में फंसा है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने बताया है कि पीएम नरेंद्र मोदी की प्रतिबद्धता के कारण घरेलू रसोई गैस ग्राहकों को 913 रुपए और उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को 613 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर दिया जा रहा है। पेट्रोलियम मंत्रालय के मुताबिक मौजूदा कीमतों पर पेट्रोलियम कंपनियों को हर रसोई गैस सिलेंडर पर 380 रुपए का नुकसान उठाना पड़ रहा है। जो मई के आखिर तक 40484 करोड़ रुपए हो जाएगा।

मंत्रालय ने बताया है कि 2025 में भी पेट्रोलियम कंपनियों को 60000 करोड़ का नुकसान हुआ था। जिसमें से आधा यानी 30000 करोड़ का बोझ मोदी सरकार ने उठाया था। ताकि देशवासियों को एलपीजी की बढ़ती कीमतों से बचाया जा सके। मंत्रालय ने बताया है कि पाकिस्तान में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत 1046 रुपए, श्रीलंका में 1242 रुपए और नेपाल में 1208 रुपए है। जबकि, भारत में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत दुनिया में सबसे कम कीमतों में से एक है। पेट्रोलियम मंत्रालय के बयान से ऐसा संकेत मिलता है कि एलपीजी और कच्चे तेल की कीमत में बढ़ोतरी पर आगे भी पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढ़ सकते हैं। 1 अप्रैल से कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के अलावा विमानों के ईंधन यानी एटीएफ, प्रीमियम पेट्रोल और हाई स्पीड डीजल की कीमत में बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम 60 रुपए बढ़ाए गए थे। जबकि, प्रीमियम पेट्रोल और इंडस्ट्रियल डीजल की कीमत भी बढ़ी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *