ईरान-अमेरिका युद्ध : अंतरराष्ट्रीय से लेकर घरेलू सर्राफा बाजार तक सोने और चांदी के भाव पर असर
नई दिल्ली। ईरान युद्ध जारी है और अब तक गिरावट का रुख दिखा रहे सोना और चांदी नए भाव पर आ गए हैं। खबर लिखे जाने तक मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी एमसीएक्स पर बुधवार को 24 कैरेट सोने के वायदा भाव में 2200 रुपए प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी हुई है। जिससे इसकी कीमत 1.49 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर हो गई है। वहीं, एमसीएक्स पर चांदी की कीमत 789 रुपए कम हुई और खबर लिखे जाने तक ये 2.40 लाख रुपए प्रति किलो के भाव पर कारोबार कर रही थी। हालांकि, एमसीएक्स खुलने पर सोने की कीमत में 2500 की बढ़ोतरी और चांदी में 1700 रुपए की गिरावट देखी गई थी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें, तो वहां भी सोने के स्पॉट भाव 0.4 फीसदी बढ़कर 4685.79 डॉलर प्रति औंस हो चुके हैं। यहां तक कि मंगलवार को सोना एक बार तो 4723 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया था। वहीं, चांदी के स्पॉट भाव 74.53 डॉलर प्रति औंस हो गए। यानी अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी के रेट 0.8 फीसदी गिरे। डॉलर इंडेक्स में कमजोरी के कारण सोना महंगा हुआ है। माना जा रहा है कि दोनों कीमती धातुओं के रेट में आने वाले दिनों में भी उठापटक देखने को मिल सकती है। सर्राफा बाजार की बात करें, तो 24 कैरेट सोने का भाव 1.51 लाख रुपए के पार है। वहीं, 22 कैरेट सोने की कीमत 1.38 लाख प्रति 10 ग्राम के आसपास है। इससे एक बार फिर आम लोगों की जेब पर सोने ने बोझ बढ़ाया है।
यूक्रेन युद्ध के लगातार जारी रहने के कारण साल 2025 के जनवरी महीने से सोने और चांदी की कीमत लगातार बढ़ती गई है। 2024 के अंत में सोना 78000 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा था। पिछले साल तो सोने और चांदी ने भाव के नए रिकॉर्ड कायम किए थे। सोना जहां 2 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम को पार कर गया था। वहीं, चांदी ने भी 4 लाख रुपए प्रति किलो का रेट हासिल किया था। हालांकि, मार्च 2026 से सोने और चांदी के भाव लगातार गिरे। जबकि, फरवरी के अंत से ईरान युद्ध शुरू होने के बाद माना जा रहा था कि अंतरराष्ट्रीय से लेकर घरेलू बाजार तक सोने और चांदी के भाव में और आग लगेगी।
