केरल, असम और पुदुचेरी में विधानसभा चुनाव की वोटिंग कल, जानिए पिछली बार किन पार्टियों को कितनी सीट पर मिली थी जीत
नई दिल्ली। केरल, असम और केंद्र शासित क्षेत्र पुदुचेरी के विधानसभा चुनावों के लिए गुरुवार 9 अप्रैल को वोटिंग होगी। केरल में विधानसभा की 140 सीट हैं। जबकि, असम में विधानसभा की 126 और पुदुचेरी में 30 सीट हैं। केरल में वामपंथी दलों के एलडीएफ और असम में बीजेपी नीत एनडीए की लगातार दो बार सरकार बनी थी। वहीं, पुदुचेरी में भी एनडीए ने 2021 में चुनाव जीतकर सरकार बनाई थी। तीनों ही जगह वोटों की गिनती 4 मई को होनी है।
साल 2021 के केरल विधानसभा चुनाव में एलडीएफ को 99 सीट पर जीत हासिल हुई थी। जबकि, कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूडीएफ ने 41 सीट हासिल की थी। इस बार कांग्रेस ने केरल में यूडीएफ सरकार बनाने के लिए पूरा जोर लगाया हुआ है। वहीं, सीएम पिनरई विजयन समेत वामपंथी दलों का दावा है कि केरल में तीसरी बार भी उनका ही गठबंधन सरकार बनाने वाला है। बात करें पुदुचेरी की, तो यहां 2021 में एनडीए को 16 सीट पर जीत हासिल हुई थी। जबकि, कांग्रेस को पुदुचेरी की जनता ने सिर्फ 2 सीट पर जीत दिलाई थी। इस बार भी बीजेपी ने दावा किया है कि पुदुचेरी में उसके नेतृत्व वाली एनडीए सरकार बनेगी।
पूर्वोत्तर के राज्य असम में भी विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को वोट पड़ने हैं। असम विधानसभा के 2021 में हुए चुनाव में बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए की लगातार दूसरी बार सरकार बनी थी। बीजेपी ने पिछली बार यहां 60 सीट जीती थीं। जबकि, कांग्रेस को 29 सीट पर ही जीत हासिल हुई थी। असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा का दावा है कि यहां फिर एनडीए सरकार बनेगी। वहीं, राहुल गांधी और गौरव गोगोई समेत कांग्रेस के नेताओं को उम्मीद है कि असम की जनता उनकी पार्टी की सरकार बनवाएगी। राहुल गांधी ने असम में हर जनसभा में हिमंत बिस्व सरमा पर भ्रष्टाचारी होने का आरोप लगाया है और कहा है कि कांग्रेस सरकार बनने पर उनको जेल भेजा जाएगा। वहीं, सीएम हिमंत ने कहा है कि उनको जेल भेजने के लिए इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और राहुल गांधी को दूसरा जन्म लेना होगा।
